हिंदी
मैनपुरी में पेट्रोल सेल्स मैन की हत्या (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में बेखौफ बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। औंछा थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक पेट्रोल पंप पर सो रहे सेल्समैन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाश वारदात के बाद मृतक का मोबाइल भी लूट ले गए। इस घटना के बाद परिजनों ने स्थानीय पुलिस चौकी इंचार्ज पर मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाते हुए भारी हंगामा किया है।
घटना औंछा थाना क्षेत्र के जसराना रोड स्थित नगला दुर्जन के पास बने पेट्रोल पंप की है। नगला कंचन निवासी 35 वर्षीय गौरव कुमार यहाँ सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। गुरुवार की रात वह रोजाना की तरह पंप पर ही सोया था। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे अज्ञात बदमाशों ने उसके सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।
ईरान समझ गया पाकिस्तान की पूरी चाल? खोखले निकले सारे दावे, अब नहीं आएगा झांसे में, जानिए पूरा माजरा
शुरुआती जांच और स्थानीय लोगों के अनुसार, इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश और पैसे के लेनदेन का मामला सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि होली के दिन गौरव का कुछ लोगों से रुपयों को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस अब इस रंजिश के एंगल को मुख्य आधार मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
घटनास्थल पर उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब परिजनों ने शव उठाने से इनकार कर दिया। ग्रामीणों और परिजनों ने नगला कंचन चौकी इंचार्ज अमित सिंह का जमकर विरोध किया। परिजनों का आरोप है कि होली के दिन हुए विवाद के बाद दरोगा ने आरोपियों को पकड़कर छोड़ दिया था। चीखते-चिल्लाते परिजनों ने सीधे तौर पर दरोगा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी लापरवाही और शह के कारण ही गौरव की जान गई है।
सूचना मिलते ही औंछा थाना इंस्पेक्टर चंद्रपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Location : Mainpuri
Published : 27 March 2026, 2:12 PM IST
Topics : Forensic Team mainpuri Murder Case Petrol pump UP Police