Mainpuri News: मैनपुरी में आवारा कुत्तों का कहर, पशुपालकों को भारी नुकसान

 उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम चिढ़रूआ में आवारा कुत्तों के हमले से एक किसान की 45 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। आधी रात को बाड़े में घुसकर कुत्तों ने भेड़ों पर हमला किया और कई का पेट फाड़ दिया। मृत भेड़ों की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 13 February 2026, 6:10 PM IST

Mainpuri: जनपद के एलाऊ थाना क्षेत्र के ग्राम चिढ़रूआ में आवारा कुत्तों का आतंक उस समय देखने को मिला जब किसान अजीत कुमार पाल की भेड़ों पर आधी रात हमला हो गया। किसान ने रोज की तरह करीब 100 भेड़ों को खेत में बने बाड़े में बंद कर दिया था और पास ही सो रहा था। रात लगभग एक बजे चार से पांच आवारा कुत्ते बाड़े में घुस गए और भेड़ों पर हमला बोल दिया। कुत्तों ने कई भेड़ों का पेट फाड़ दिया और कई को बुरी तरह घायल कर दिया, जिससे 45 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई।

पांच लाख से अधिक का नुकसान

इस हमले में दो भेड़ें गंभीर रूप से घायल बताई जा रही हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। मृत भेड़ों की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक आंकी गई है, जिससे किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। अजीत कुमार पाल खेती के साथ-साथ पशुपालन कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। एक ही रात में इतनी बड़ी संख्या में भेड़ों की मौत से उनका सहारा लगभग खत्म हो गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और पशुपालक अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

रामनगर में गश्त के दौरान बड़ा खुलासा, चरस और स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, पढ़ें पूरा मामला

पहले भी हो चुके हमले

ग्रामीणों का कहना है कि आवारा कुत्तों का यह पहला हमला नहीं है। इससे पहले भी गांव में छह बकरियों को कुत्ते मार चुके हैं और कई लोगों पर हमला कर चुके हैं। ग्रामीणों ने पांच महीने पहले पशु विभाग से लिखित शिकायत कर आवारा कुत्तों को पकड़ने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई अभियान नहीं चलाया गया। लोगों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण ही ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं।

Tarique Rahman: PM मोदी ने तारिक रहमान से की बात, जानिए दोनों के बीच क्या हुई चर्चा

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने नुकसान का आकलन कर संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजने की बात कही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजा दिलाने और आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए तत्काल अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Location : 
  • Mainpuri

Published : 
  • 13 February 2026, 6:10 PM IST