
दबंगों से परेशान मजदूर परिवार ने एसपी से लगाई गुहार
Mainpuri: जनपद के थाना विछवां क्षेत्र के ग्राम जसरऊ में दबंगों द्वारा एक गरीब मजदूर के घर पर ईंट-पत्थरों से हमला करने, परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता व मारपीट करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित मजदूर ने थाने में सुनवाई न होने पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम जसरऊ निवासी आजाद पुत्र मु० साकिर अली एक गरीब मजदूर है। पीड़ित द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया है कि गत 17 नवंबर 2026 को गांव के ही कुछ दबंग किस्म के लोग—राजाबाबू, आसिफ, शाहरुख और चमन (सभी पुत्रगण मु. जमील, निवासी ग्राम जसरू, थाना विछवां)—उसके घर पर लगातार ईंट-पत्थर फेंक रहे थे।
जब पीड़ित ने इसका विरोध किया, तो इन दबंगों ने उसे घेरकर बेरहमी से पीटा। बीच-बचाव करने आई उसकी मां नूरजहां के साथ भी इन लोगों ने अभद्रता की, उनका ब्लाउज फाड़ दिया और इज्जत लूटने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, जब पीड़ित की पत्नी रानी बचाने आई, तो आरोपियों ने उसकी चूड़ियां तोड़ दीं और उसके साथ भी मारपीट व बदसलूकी की।
घटना के समय मौके पर मौजूद सैदपुर बघौली के ई-रिक्शा चालक व अन्य लोगों ने इस पूरी घटना को देखा है। पीड़ित का आरोप है कि ये दबंग उसे और उसके परिवार को गांव से भगाना चाहते हैं और उन्हें चैन से खाना भी नहीं बनाने दे रहे हैं। घर के बाहर आज भी ईंट-पत्थर बिखरे पड़े हैं, जो इस हमले की गवाही दे रहे हैं।
जब पीड़ित पक्ष थाने में शिकायत दर्ज कराने जा रहा था, तो रास्ते में ग्राम अंजनी की पुलिया के पास आरोपियों ने उन्हें फिर से घेर लिया और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार भारी दहशत में है और मजदूर की गर्दन पर गंभीर चोट भी आई है।
स्थानीय थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित आजाद ने पुलिस अधीक्षक महोदय से गुहार लगाई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। उसने मांग की है कि राजाबाबू, आसिफ, शाहरुख और चमन के खिलाफ न्यायोचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसके परिवार को सुरक्षा मिल सके।
Location : Mainpuri
Published : 18 November 2026, 6:33 PM IST