
समाजवादी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा ज्ञापन सौंपते हुए (image source: dynamite news)
Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी नगर पालिका क्षेत्र स्थित लोहिया पार्क में समाजवादी विचारक और स्वतंत्रता सेनानी डॉ. राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा पर कीचड़ डालने का मामला अब राजनीतिक रंग पकड़ता नजर आ रहा है। घटना के बाद समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के नेताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता आलोक कुमार शाक्य के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि प्रतिमा का अपमान करने वाले लोगों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। पार्टी नेताओं ने इस घटना को समाजवादी विचारधारा और डॉ. लोहिया का अपमान बताया है।
मैनपुरी के लोहिया पार्क में डॉ. राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा पर कीचड़ डालने का मामला गरमा गया है। सपा नेताओं ने इसे समाजवादी विचारधारा का अपमान बताते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।#mainpuri… pic.twitter.com/ENmuJwqYdh
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 8, 2026
सपा नेताओं के मुताबिक कुछ अराजक तत्वों ने सुनियोजित तरीके से लोहिया पार्क में स्थापित डॉ. राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा पर चढ़कर उनके सिर पर कीचड़ डाल दिया। आरोप है कि इसके लिए सीढ़ी का इस्तेमाल किया गया। घटना सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बन गया और समाजवादी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया।
Kushinagar News: यूपी-बिहार सीमा से सटे गांवों में दो दिनों से फैले दहशत का खुला राज
पार्टी नेताओं का कहना है कि यह केवल एक प्रतिमा का नहीं, बल्कि समाजवादी विचारधारा और देश के एक बड़े नेता का अपमान है। उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकत किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सपा नेताओं में भारी आक्रोश (image source: dynamite news)
घटना के विरोध में समाजवादी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी मैनपुरी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही प्रशासन से कहा गया कि लोहिया पार्क और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जाए।
सपा नेताओं ने पार्क की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी मांग उठाई ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। कार्यकर्ताओं ने कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगी।
शिकायत के तुरंत बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक फतेह बहादुर सिंह भदोरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं से बात की। सपा के वरिष्ठ नेता आलोक कुमार शाक्य ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया देश के महान समाजवादी नेता थे और उनकी प्रतिमा का अपमान पूरे समाजवादी परिवार का अपमान है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।
Farenda News: सड़क किनारे मिला युवक का शव… हादसा या हत्या? जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
Location : Mainpuri
Published : 8 May 2026, 12:19 PM IST