मैनपुरी में अभद्रता का विरोध करना पड़ा भारी, घर में घुसकर दंपति पर हमला, सामान भी तोड़ा

मैनपुरी में अभद्र टिप्पणी को लेकर एक दंपति से मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाजार जा रही महिला ने जब अभद्र टिप्पणी का विरोध किया तो उसे जमीन पर गिराकर पीटा गया। पत्नी को बचाने पहुंचे पति को भी नहीं बख्शा गया। घर में घुसकर मारपीट और घरेलू सामान तोड़ने के आरोप भी लगे हैं।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 23 November 2026, 2:26 PM IST

Mainpuri: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में सोमवार को अभद्र टिप्पणी को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। थाना कोतवाली के आवास विकास कॉलोनी में रहने वाले एक दंपति ने पड़ोस में रहने वाले लोगों पर मारपीट, घर में घुसकर तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना 20 नवंबर की बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

बाजार जाते समय महिला पर की अभद्र टिप्पणी 

पीड़िता कोमल चौहान ने आरोप लगाया  कि वह 20 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे बाजार जा रही थीं। इसी दौरान सेक्टर-1 की गली नंबर-7 में सामने रहने वाले ओमप्रकाश के दामाद विपुल सक्सेना ने कथित तौर पर उन पर भद्दी टिप्पणी कर दी। महिला ने जब इसका विरोध किया तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।

दंपति को घर में घुसकर पीटा (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)

महिला को जमीन पर गिराया, बचाने पहुंचे पति को भी पीटा

कोमल का आरोप है कि विवाद के दौरान निशा और विपुल की पत्नी अंजली समेत अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जमीन पर गिरा दिया। पत्नी के साथ मारपीट होती देखकर उनके पति बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी निशाना बनाया। पीड़ित पक्ष का दावा है कि हमलावर घर के अंदर घुस गए और दंपति के साथ मारपीट की। इस दौरान पानी सप्लाई के काम में इस्तेमाल होने वाली केन और घर के अन्य सामान को भी तोड़ दिया गया।

जान से मारने की धमकी का आरोप

पीड़िता के अनुसार, मोहल्ले के सना, सुभाष और नीलम समेत कुछ लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। आरोप है कि जाते समय हमलावर दंपति को जान से मारने की धमकी भी दे गए। मारपीट की घटना से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आई है। दंपति को गंभीर चोटें आने का दावा किया गया है।

मैनपुरी में SSR कार्य में लापरवाही पर जिलाधिकारी का बड़ा एक्शन, पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त

एसपी से लगाई न्याय की गुहार

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस से शिकायत करने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हुई। इसी को लेकर उन्होंने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपा है। इसमें आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने, घायलों का मेडिकल परीक्षण कराने और परिवार को जान-माल की सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

मैनपुरी में SSR कार्य में लापरवाही पर जिलाधिकारी का बड़ा एक्शन, पांच आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवा समाप्त

पीड़ित पक्ष ने आशंका जताई है कि विवाद को लेकर आगे कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। 

 

Location :  Mainpuri

Published :  23 November 2026, 2:20 PM IST