
प्रतीकात्मक तस्वीर (Img: Google)
Maharajganj: भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) एवं मौसम केंद्र लखनऊ द्वारा जारी आंधी, तेज हवा, वज्रपात और वर्षा संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लेते हुए महराजगंज प्रशासन ने जनपद में व्यापक सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
अपर जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को मौसमीय आपदाओं से संभावित जन-धन हानि को रोकने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है। जारी निर्देशों के अनुसार सभी तहसीलों में राजस्व कर्मियों, लेखपालों, राजस्व निरीक्षकों तथा अन्य क्षेत्रीय कर्मचारियों को तत्काल अलर्ट मोड में रखा गया है। साथ ही ग्राम पंचायतों, नगर निकायों और स्थानीय प्रशासन के माध्यम से मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।
सैफई में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद बोले- हमारी लड़ाई पाप से नहीं, बल्कि पाप के बाप से है…
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आकाशीय बिजली, तेज हवा और बारिश के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें। किसी भी प्रकार की आपदा या दुर्घटना की सूचना मिलने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने तथा इसकी जानकारी जिला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने को कहा गया है।
अपर जिलाधिकारी ने संवेदनशील क्षेत्रों, तटबंधों, जलभराव वाले स्थानों और कच्चे अथवा जर्जर भवनों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
तहसील स्तर पर 24×7 संपर्क व्यवस्था सक्रिय रखने, सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के मोबाइल फोन चालू रखने तथा बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रतिकूल स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष एवं उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए तथा सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
Location : Maharajganj
Published : 6 June 2026, 4:52 PM IST