
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा (File photo)
Maharajganj : जिले में किसानों से जुड़ा एक अहम अभियान इन दिनों जोर-शोर से चल रहा है। फार्मर रजिस्ट्री को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्टिव मोड में है और लगातार चौथे दिन भी यह विशेष अभियान पूरे जिले में तेजी के साथ जारी रहा। अधिकारियों की टीम सुबह-सुबह ही गांवों में पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद कर रही है। जिससे रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अभियान की समीक्षा करते हुए बताया कि सुबह 6 बजे से 8 बजे तक उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, बीडीओ, जिलास्तरीय अधिकारी, लेखपाल और ग्राम सचिव समेत ब्लॉक व ग्राम पंचायत स्तर के कर्मचारी गांव-गांव जाकर लोगों से मिल रहे हैं। इस दौरान अधिकारी खुद मौके पर जाकर व्यवस्थाओं को देख रहे हैं और रजिस्ट्रेशन की प्रगति का जायजा ले रहे हैं।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए इसकी ऑनलाइन लाइव मॉनिटरिंग भी की जा रही है। इससे जिले स्तर पर बैठकर ही अधिकारियों को हर गांव की स्थिति की जानकारी मिल रही है। प्रशासन का कहना है कि इससे काम में तेजी आई है और किसी भी तरह की लापरवाही तुरंत पकड़ में आ रही है।
महाराजगंज में खौफनाक वारदात: शराब के विरोध में खून-खराबा, 3 घायल; जानें क्या है पूरा मामला
अभियान के दौरान अधिकारियों ने गांवों में ग्राम प्रधानों, कर्मचारियों और किसानों के साथ बैठक कर सीधे बातचीत की। ग्राम प्रधानों को इस अभियान में नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए कहा गया और उन्हें निर्देश दिया गया कि वे अपने गांव में शत-प्रतिशत फॉर्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित करें।
वहीं किसानों से भी अपील की गई कि वे इस काम को प्राथमिकता दें और जल्द से जल्द अपनी फॉर्मर आईडी बनवाएं। जिससे भविष्य में किसी योजना का लाभ लेने में परेशानी न हो।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि 30 अप्रैल के बाद किसानों को किसी भी सरकारी कृषि योजना का लाभ केवल फॉर्मर आईडी के आधार पर ही मिलेगा। ऐसे में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि तय समय सीमा के भीतर रजिस्ट्रेशन का काम पूरा कर लिया जाए।
अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण के लिए भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने अपील की कि गेहूं की कटाई के बाद डंठल को खेतों में न जलाएं। वैकल्पिक तरीकों को अपनाएं। जिससे पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे।
Location : Maharajganj
Published : 24 April 2026, 2:02 PM IST