समाधान दिवस में DM का बड़ा एक्शन: महराजगंज के इस अधिशासी अभियंता का अगले आदेश तक रोका वेतन, प्रमुख सचिव को भी…

महराजगंज के फरेंदा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सोमवार को डीएम का सख्त रुख देखने को मिला। 53 शिकायतों के बीच एक अधिकारी की लगातार गैरहाजिरी का मामला सामने आया, जिसके बाद प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 17 August 2026, 5:11 PM IST

Maharajganj: फरेंदा तहसील सभागार में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही और अधिकारियों की गैरहाजिरी को लेकर सख्त तेवर दिखाए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 53 मामले सामने आए। इनमें से तीन मामलों का निस्तारण जिलाधिकारी ने मौके पर ही कर दिया।

संबंधित अधिकारियों को दिए गए निर्देश

शेष प्रकरणों को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में महज खानापूर्ति के बजाय गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

ये भी पढ़ें- “आंसू सूख गए पर नहीं तय हुई जवाबदेही!” बेतवा पुल हादसे के 80 दिन… 6 मौतों पर सिर्फ ‘फाइलों का खेल’

समाधान दिवस में सबसे बड़ा एक्शन सिंचाई खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता राजीव कपिल की अनुपस्थिति को लेकर हुआ। जिलाधिकारी ने अधिकारी के लगातार समाधान दिवस में अनुपस्थित रहने पर कड़ी नाराजगी जताई और अग्रिम आदेश तक वेतन रोकने का निर्देश दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने मामले से प्रमुख सचिव सिंचाई को पत्र के माध्यम से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।

क्या बोले डीएम गौरव सिंह सोगरवाल?

डीएम ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की प्राथमिकता में शामिल है और इसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। ऐसे में संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समाधान दिवस को गंभीरता से लें और निर्धारित दिवस पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।

ये भी पढ़ें- पानी के पास खेलने निकले थे बच्चे, फिर गांव में मच गई चीख-पुकार; तीन मासूमों के साथ ऐसा क्या हुआ?

भूमि विवाद से जुड़े मामलों को लेकर भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और नियमानुसार कार्रवाई की जाए, ताकि विवाद बढ़ने से पहले उसका समाधान हो सके।समाधान दिवस में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी, एसडीएम फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय, तहसीलदार फरेंदा वशिष्ठ वर्मा, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  17 August 2026, 5:11 PM IST