आपदा में सीमाएं नहीं रोकतीं मदद के हाथ, महराजगंज के पत्रकारों ने नेपाल को सौंपी 51 हजार की मदद

नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की मदद के लिए प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज आगे आया। अध्यक्ष अमित त्रिपाठी के नेतृत्व में क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने नेपाल के प्रधानमंत्री दैवी प्रकोप उद्धार कोष में 51 हजार रुपये की सहायता राशि जमा कराई।

Maharajganj: नेपाल में हाल ही में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा से मची तबाही के बीच भारत की ओर से मानवीय सहयोग का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज ने नेपाल के बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद के लिए महत्वपूर्ण पहल करते हुए नेपाल के प्रधानमंत्री दैवी प्रकोप उद्धार कोष में 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता जमा कराई है।

नेपाल आपदा पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया प्रेस क्लब

सोमवार को प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज के अध्यक्ष अमित त्रिपाठी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने रुपन्देही के प्रमुख जिला अधिकारी विश्व प्रकाश अर्याल से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने बैंक में जमा की गई सहायता राशि का बैंक वाउचर उन्हें सौंपा। इस दौरान भारत और नेपाल के बीच पत्रकारिता के साथ-साथ मानवीय रिश्तों की मजबूती का संदेश भी सामने आया।

यह भी पढ़ें - Nepal Flood: मलबे के पहाड़, बंद सुरंगें और अंदर फंसी जिंदगियां; नेपाल में भारतीय वायुसेना का सबसे बड़ा रेस्क्यू मिशन

आपदा में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने की पहल

अमित त्रिपाठी ने कहा कि नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा ने बड़े पैमाने पर जन-धन को प्रभावित किया है। ऐसे संकट के समय पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना मानवीय जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भारतीय पत्रकारों की ओर से नेपाल के आपदा प्रभावित नागरिकों तक सहयोग पहुंचाने के उद्देश्य से प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने मिलकर यह राशि जुटाई है।

मृतकों के प्रति जताई संवेदना

उन्होंने प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी श्रद्धांजलि व्यक्त की। साथ ही शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में सीमाएं मानवीय संवेदनाओं के रास्ते में बाधा नहीं बनतीं और भारत-नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक एवं आत्मीय संबंध ऐसे समय में और मजबूत होते हैं।

यह भी पढ़ें - Nepal Flood: 903 मौतें, 4200 लापता और मलबे का तांडव! नेपाल में छठे दिन भी जारी है जिंदगी की तलाश

नेपाल प्रशासन ने जताया आभार

रुपन्देही के प्रमुख जिला अधिकारी विश्व प्रकाश अर्याल ने प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज से जुड़े पत्रकारों की इस पहल की सराहना करते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित लोगों के लिए किया गया यह सहयोग महत्वपूर्ण है और इससे भारत-नेपाल के बीच आपसी सद्भाव एवं मानवीय संबंधों को मजबूती मिलती है।

भारत-नेपाल के पत्रकारों ने दिया सहयोग का संदेश

इस अवसर पर लुम्बिनी प्रेस क्लब रुपन्देही के अध्यक्ष कमल रायमाझी समेत नेपाल और भारत के कई पत्रकार मौजूद रहे। प्रेस क्लब ऑफ महराजगंज की इस पहल को दोनों देशों के पत्रकारों के बीच सहयोग, संवेदना और सामाजिक सरोकार की मिसाल के तौर पर देखा जा रहा है।

Location :  Maharajganj

Published :  31 August 2026, 5:56 PM IST

Advertisement