हिंदी
शादी तय होते ही मंगेतर के पास पहुंचीं आपत्तिजनक तस्वीरें
Maharajganj: कोल्हुई थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती के साथ कथित तौर पर दो वर्षों तक ब्लैकमेल कर शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने क्षेत्र निवासी शोएब अख्तर के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
तहरीर के अनुसार, आरोपी ने युवती की निजी फोटो और वीडियो अपने पास रखकर उसे लगातार धमकाया। आरोप है कि इन्हीं आपत्तिजनक सामग्री का भय दिखाकर उसने करीब दो वर्षों तक युवती का मानसिक और शारीरिक शोषण किया। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी उसे बदनाम करने और तस्वीरें वायरल करने की धमकी देता था।
पीड़िता के अनुसार, जब उसका विवाह तय हो गया तो आरोपी ने उसके होने वाले मंगेतर को आपत्तिजनक फोटो भेज दीं। इससे विवाह संबंध टूट गया और युवती व उसके परिवार को सामाजिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ा
थानाध्यक्ष गौरव सिंह ने बताया कि मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 31 July 2026, 6:03 AM IST