हिंदी
डीएम ने छात्राओं को दिया सफलता का मूल मंत्र
Maharajganj: जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में शुक्रवार को छात्राओं के बीच उस समय उत्साह का माहौल बन गया, जब जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने उनके साथ सीधे संवाद कर कैरियर और सफलता के मंत्र साझा किए। डीएम ने छात्राओं से उनके भविष्य के लक्ष्य जाने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से लेकर व्यक्तित्व विकास तक महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से विभिन्न विषयों और कैरियर से जुड़े सवाल किए। छात्राओं ने पूरे आत्मविश्वास के साथ जवाब दिए, जिसकी डीएम ने सराहना की। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि छात्राओं की पढ़ाई के साथ उनके व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने छात्राओं को सफलता का मूलमंत्र बताते हुए कहा कि जीवन में असफलता से कभी घबराना नहीं चाहिए। असफलता से सीख लेकर दोबारा प्रयास करना ही आगे बढ़ने का रास्ता है। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए अनुशासन, निरंतरता, मेहनत और आत्मविश्वास बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि अपनी कमजोरियों को पहचानकर ईमानदारी से उन पर काम करें। परिणाम की अत्यधिक चिंता करने के बजाय अपना शत-प्रतिशत प्रयास करने और कार्य को बेहतर बनाने पर ध्यान दें।
डीएम ने छात्राओं को वर्तमान समय में मौजूद विभिन्न प्रकार के भटकाव से बचने और अपने लक्ष्य पर पूरी तरह केंद्रित रहने की सलाह दी। उन्होंने नियमित रूप से समाचार पत्र और पत्रिकाएं पढ़ने तथा देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से अपडेट रहने को कहा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सामान्य अध्ययन और समसामयिक घटनाओं की अहम भूमिका होती है।
संवाद के दौरान छात्राओं ने जिलाधिकारी से कलेक्ट्रेट और प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़े सवाल भी किए। डीएम ने उनके प्रश्नों का सहजता से जवाब देते हुए छात्राओं को अपने कार्यालय आने का निमंत्रण दिया। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी और प्रधानाचार्य को छात्राओं को कलेक्ट्रेट एवं विकास भवन का भ्रमण कराने के निर्देश दिए, ताकि छात्राएं प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से समझ सकें।
संवाद के बाद जिलाधिकारी ने छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय के अन्य स्टाफ के साथ भोजन किया तथा अनौपचारिक चर्चा की। छात्राओं ने डीएम के अनुभवों और विचारों को प्रेरणादायी बताते हुए इसे कैरियर निर्माण के लिए उपयोगी बताया।
Location : Maharajganj
Published : 21 August 2026, 11:22 PM IST
Topics : DM Maharajganj Girls Education Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) sarvodaya vidyalaya students motivation