Maharajganj News: ऐतिहासिक देवदह पहुंचे डीएम गौरव सोगरवाल, पर्यटन विकास और रोड कनेक्टिविटी पर दिया जोर

महराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने लक्ष्मीपुर क्षेत्र स्थित भगवान बुद्ध के ननिहाल देवदह का निरीक्षण किया। उन्होंने विकास कार्यों, पर्यटन सुविधाओं और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डाइनामाइट न्यूज़ से बातचीत में डीएम ने कहा कि देवदह को बुद्ध सर्किट का प्रमुख केंद्र बनाने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रोड कनेक्टिविटी समेत कई क्षेत्रों में काम किया जाएगा।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 3 June 2026, 5:46 PM IST

Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में स्थित ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व के स्थल देवदह को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर स्थापित करने की कवायद तेज होती दिखाई दे रही है। भगवान बुद्ध के ननिहाल के रूप में प्रसिद्ध देवदह (बनरसिहा कला) के विकास और संरक्षण को लेकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल स्वयं मैदान में उतरे। बुधवार को उन्होंने लक्ष्मीपुर क्षेत्र स्थित इस ऐतिहासिक स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और यहां चल रहे विकास कार्यों, पर्यटन सुविधाओं तथा साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

भगवान बुद्ध से जुड़ा है देवदह का ऐतिहासिक महत्व

देवदह को बौद्ध धर्म के इतिहास में विशेष स्थान प्राप्त है। मान्यता है कि यह भगवान बुद्ध का ननिहाल था और उनका जीवन इस क्षेत्र से गहराई से जुड़ा रहा है। देश ही नहीं बल्कि नेपाल समेत कई देशों के बौद्ध अनुयायियों और शोधकर्ताओं के लिए यह स्थल आस्था और अध्ययन का प्रमुख केंद्र माना जाता है।

विकास कार्यों और सुविधाओं का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने पूरे परिसर का भ्रमण कर विकास कार्यों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने पर्यटन सुविधाओं, पहुंच मार्ग, साफ-सफाई व्यवस्था और पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐतिहासिक महत्व वाले इस स्थल के संरक्षण और विकास में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

सड़कों पर अचानक पुलिस ने शुरू किया ऐसा महाअभियान, सहमे ग्राहकों के बीच क्या बंद होने जा रहे हैं महराजगंज के सारे बाजार?

डाइनामाइट न्यूज़ से एक्सक्लूसिव बातचीत में क्या बोले डीएम?

निरीक्षण के बाद डाइनामाइट न्यूज़ से विशेष बातचीत में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि देवदह महात्मा बुद्ध के जीवनकाल से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। यहां चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करने के साथ-साथ भविष्य में इसकी संभावनाओं का भी आकलन किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि देवदह को बुद्ध सर्किट का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनाया जाए, जिससे देश और विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो। उनका मानना है कि यदि इस क्षेत्र का समुचित विकास किया गया तो महराजगंज जिले में पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा होंगी।

पर्यटन के जरिए बढ़ेगा स्थानीय रोजगार

जिलाधिकारी ने कहा कि देवदह में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यदि यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ती है तो इसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिलेगा। होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, हस्तशिल्प, गाइड सेवा और छोटे व्यापार जैसे क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

रोड कनेक्टिविटी को लेकर भी प्रशासन गंभीर

डीएम गौरव सोगरवाल ने बातचीत के दौरान सड़क संपर्क व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण बात कही। उन्होंने बताया कि देश और विदेश से बड़ी संख्या में लोग देवदह पहुंचते हैं, इसलिए बेहतर रोड कनेक्टिविटी बेहद जरूरी है।

Maharajganj News: पेट्रोल पंप पर किसानों की भारी भीड़ और पंपिंग सेट… क्या सच में महराजगंज में गहराया डीजल संकट?

विकास समिति ने सौंपा मांग पत्र

निरीक्षण के दौरान देवदह विकास समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी को एक मांग पत्र भी सौंपा। इसमें स्थल के विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, सड़क निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित मांगें रखी गईं। जिलाधिकारी ने समिति के सदस्यों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और जो भी योजनाएं संभव होंगी, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।

बड़ी संख्या में अधिकारी और स्थानीय लोग रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान एसडीएम नवीन कुमार, नायब तहसीलदार सौरभ श्रीवास्तव, बीडीओ मृत्युंजय कुमार, इंदु प्रकाश राय, दिनेश पाठक सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं देवदह विकास समिति के जितेंद्र राव, महेंद्र, मनोज कन्नौजिया, युनुस खान, प्रभुदयाल और अन्य स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Location :  Maharajganj

Published :  3 June 2026, 4:54 PM IST