जेल की हकीकत जानने पहुंचे जिला जज और डीएम, बंदियों ने खोले कई राज

महराजगंज जिला कारागार के त्रैमासिक निरीक्षण में जिला जज और जिलाधिकारी ने बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने जेल प्रशासन को स्वास्थ्य, विधिक सहायता और महिला-बाल बंदियों के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 30 June 2026, 6:44 AM IST

Maharajganj: जिला जज अरविंद मलिक एवं जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को जिला कारागार महराजगंज का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिला जज ने पुरुष बैरक, महिला बैरक, जेल की रसोई, अस्पताल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न बैरकों में जाकर बंदियों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। बंदियों की शिकायतों और आवश्यकताओं के समाधान के लिए जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

जिला जज ने दिए निर्देश

जिला जज ने जेल प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी बंदियों को जेल मैन्युअल के अनुसार आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि जिन बंदियों को विधिक सहायता की आवश्यकता है, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के समन्वय से शीघ्र कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी बंदी अपने अधिकारों से वंचित न रहे।

महराजगंज में बम की तरह फटा ट्रांसफार्मर, गांव में मचा हड़कंप

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिला जज ने बीमार बंदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने तथा उन्हें समय पर समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बंदियों के स्वास्थ्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

महिला एवं बच्चों से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने पर जोर देते हुए जिला जज ने महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों के लिए विशेष कक्षाओं एवं रचनात्मक गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से मानसिक तनाव कम होगा और सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा।

डीएम ने दिए निर्देश

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने भी निरीक्षण के दौरान जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जेल अधीक्षक को जिला जज द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी एवं समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

Maharajganj News: महराजगंज में आखिर आसमान से गिरा ये क्या, किसान की जिंदगी पर पड़ा भारी

ये अधिकारी भी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सीजेएम मुकेश यादव, जेल अधीक्षक बी.के. गौतम सहित न्यायिक, पुलिस एवं प्रशासनिक विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण का उद्देश्य जिला कारागार में बंदियों के अधिकारों की सुरक्षा, बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना तथा जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली की समीक्षा करना रहा।

Location :  Maharajganj

Published :  30 June 2026, 6:38 AM IST