
कैमरे में कैद हुआ रिश्वत का खेल (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज)
महराजगंज: काश्तकार से कथित तौर पर रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चकबंदी विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। सहायक चकबंदी अधिकारी क्षेत्र लक्ष्मीपुर चतुर्थ में तैनात चकबंदी लेखपाल अनिल कुमार पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली-1999 के तहत विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।
जारी निलंबन आदेश के अनुसार वायरल वीडियो को प्रथम दृष्टया गंभीर मानते हुए यह कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान अनिल कुमार पाण्डेय को सहायक चकबंदी अधिकारी क्षेत्र मोहनापुर प्रथम से संबद्ध किया गया है। साथ ही उन्हें बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक लगाई गई है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता तथा अन्य अनुमन्य भत्ते दिए जाएंगे। इसके लिए उन्हें यह प्रमाण-पत्र देना होगा कि वे किसी अन्य सेवायोजन, व्यापार या वित्तीय व्यवसाय में संलग्न नहीं हैं।
मामले की विभागीय जांच के लिए चकबंदी अधिकारी नौतनवा लालमणि मिश्र को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि आरोप पत्र तैयार कर 15 दिनों के भीतर आरोपी कर्मचारी से स्पष्टीकरण प्राप्त करें और अपनी जांच रिपोर्ट संस्तुति सहित सक्षम अधिकारी को उपलब्ध कराएं।
Location : Maharajganj
Published : 4 July 2026, 12:14 AM IST
Topics : Administrative Action consolidation lekhpal suspended Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) maharajganj police UP News