
टेंट की व्यवस्था न होने से धूप में छाता लेकर खड़े वर वधू
Maharajganj: उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गुरुवार को नौतनवा में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में वर-वधुओं के परिजन, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। हालांकि, कार्यक्रम के दौरान कई व्यवस्थागत कमियां भी सामने आईं, जिससे लाभार्थियों और उनके परिजनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
भीषण उमस और तेज धूप के बीच वर-वधुओं के पंजीकरण और सत्यापन के लिए लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ा। धूप से बचने के लिए कई लोग छाता लेकर खड़े दिखाई दिए। लाभार्थियों का कहना था कि यदि पंजीकरण स्थल पर टेंट की व्यवस्था होती तो उन्हें इतनी परेशानी नहीं उठानी पड़ती।
बिजली की लो वोल्टेज से कर्मचारी परेशान
आयोजन स्थल पर बिजली की लो-वोल्टेज भी बड़ी समस्या बनी रही। कई कमरों में पंखे बेहद धीमी गति से चलते रहे, जिससे उमस भरी गर्मी में अधिकारी, कर्मचारी और लाभार्थी परेशान दिखे। कर्मचारियों द्वारा शिकायत किए जाने के बावजूद व्यवस्था में कोई खास सुधार नहीं हो सका।
खाना पंडाल में अव्यवस्था के चलते थाली लेकर टूट पड़े लोग
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भोजन पंडाल में भी अव्यवस्था देखने को मिली। पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग भोजन और थाली लेने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करते नजर आए। करीब दो हजार लोगों की भीड़ के बीच भोजन वितरण की व्यवस्था अपर्याप्त साबित हुई।
बैठकर भोजन करने के लिए पर्याप्त कुर्सियां नहीं होने के कारण कई दूल्हा-दुल्हन और उनके परिजन जमीन पर बैठकर भोजन करते दिखाई दिए। कई लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इतने बड़े सरकारी आयोजन में बेहतर व्यवस्थाएं होनी चाहिए थीं।
कुर्सियों की व्यवस्था में कमी, जमीन पर खाना खाते दिखे परिजन
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। आयोजन स्थल पर जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था। पिछले सामूहिक विवाह कार्यक्रम में महिलाओं के मंगलसूत्र चोरी होने की घटना को देखते हुए इस बार सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे।
इस मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत प्रत्येक पात्र नवविवाहित जोड़े को सरकार की ओर से कुल ₹1 लाख की सहायता प्रदान की जाती है। इसमें ₹60 हजार वधू के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजे जाते हैं, ₹25 हजार की गृहस्थी का आवश्यक सामान उपलब्ध कराया जाता है तथा ₹15 हजार विवाह समारोह के आयोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।
Location : Maharajganj
Published : 16 July 2026, 10:43 PM IST