महराजगंज में खिलाड़ियों की उम्मीदों वाला खेल मैदान बदहाल, घास में छिपे खेल उपकरण

जिस खेल मैदान से गांव के युवाओं को फिटनेस और खेल प्रतिभा निखारने का मौका मिलना था, आज वही मैदान उपेक्षा की कहानी बयां कर रहा है। खेल और व्यायाम के लिए लगाए गए उपकरणों पर धूल और झाड़ियों का कब्जा है जिससे खिलाड़ियों के लिए उनका इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 14 September 2026, 10:59 PM IST

Maharajganj: युवाओं को खेलों से जोड़ने और ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया मिठौरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत सिंदूरिया खास स्थित खेल मैदान इन दिनों बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है। मैदान में लगाए गए खेल एवं व्यायाम के उपकरण रखरखाव के अभाव में खराब हालत में पहुंचते जा रहे हैं। कई उपकरणों के आसपास घास-झाड़ियां उग आई हैं, जिससे खिलाड़ियों के लिए उनका इस्तेमाल करना मुश्किल हो गया है।

मैदान में उगी झाड़ियां

मैदान परिसर में जगह-जगह घास उगी हुई है, जबकि कुछ स्थानों पर जलभराव जैसी स्थिति भी दिखाई दे रही है। उपकरणों की हालत देखकर साफ नजर आता है कि लंबे समय से इनकी नियमित साफ-सफाई, मरम्मत और देखरेख पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। बैठने और व्यायाम से जुड़े उपकरण भी उपेक्षा के शिकार हैं। मैदान से सटे भवन की दीवारों पर भी जगह-जगह प्लास्टर और पपड़ी उखड़ी हुई दिखाई दे रही है।

घास-झाड़ियों में घिरे खेल उपकरण

अंधेरे में डूबती गलियां

खेल मैदान की बदहाली के साथ ग्राम पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी सवाल खड़े कर रही है। गांव में लगी कई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद बताई जा रही हैं। शाम होते ही कई गलियां अंधेरे में डूब जाती हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या की जानकारी जिम्मेदारों को दिए जाने के बावजूद बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने जल्द से जल्द सभी खराब लाइटों को ठीक कराने की मांग की है।

पानी की टंकी और फाटक तक नहीं

ग्रामीणों की सुविधा के लिए बनाए गए सामुदायिक शौचालय की स्थिति भी सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों के अनुसार शौचालय परिसर में पानी की टंकी की व्यवस्था नहीं है। वहीं मुख्य गेट पर फाटक नहीं होने से सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब सरकारी धन से सुविधाएं विकसित की जाती हैं तो उनकी नियमित देखरेख भी सुनिश्चित होनी चाहिए। यदि सुविधाएं बनाकर उन्हें यूं ही छोड़ दिया जाए तो उनका वास्तविक लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पाता।

महराजगंज में अचानक सड़कों पर उतरी भारी पुलिस फोर्स, जानें क्या था मकसद?

ग्रामीणों की मांग

गांव वालों का कहना है कि सरकारी धन खर्च कर मैदान और खेल उपकरण उपलब्ध कराए गए, लेकिन यदि इनकी नियमित देखरेख नहीं होगी तो योजना का उद्देश्य ही प्रभावित होगा। ग्रामीणों ने मैदान की साफ-सफाई कराने, खराब उपकरणों की मरम्मत कराने और परिसर की नियमित निगरानी की मांग की है।

आधी रात को मची चीख-पुकार और धूं-धूं कर जलीं दो बेजुबान गायें! महराजगंज की इस खौफनाक रात का दर्दनाक सच

जिम्मेदारों ने दिया भरोसा

मामले को लेकर डाइनामाइट न्यूज संवाददाता ने खंड विकास अधिकारी से वार्ता की। इस दौरान बीडीओ ने बताया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में जिन सुविधाओं में कमी है, उन्हें पूरा कराया जाएगा। उन्होंने आवश्यक व्यवस्था कराने का भरोसा दिया।

Location :  Maharajganj

Published :  14 September 2026, 10:50 PM IST