
8 नामजद समेत कई पर मुकदमा दर्ज(Source: Dynamite News)
Maharajganj : शहर के मऊपाकड़ (चिउरहा) क्षेत्र में करोड़ों रुपये की जमीन और उस पर बनी दुकानों को लेकर विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। जमीन के स्वामित्व और कब्जे को लेकर दोनों पक्षों की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले में कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में सौरभ धर दूबे एडवोकेट, निवासी बड़गो गोरखपुर, ने दावा किया कि उन्होंने वर्ष 2015 में चिउरहा मऊपाकड़ स्थित गाटा संख्या 1564 की भूमि और उस पर बनी सात दुकानों का पंजीकृत बैनामा कराया था। उनका आरोप है कि सहखातेदार रवि नायक, प्रेम नायक समेत अन्य लोग जमीन पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने विरोध करने पर दुकानों के ताले तोड़ने की कोशिश और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
वहीं, प्रेम कुमार नायक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि विवादित जमीन का मामला जिला न्यायालय में विचाराधीन है और इसी भूमि पर उनकी आठ दुकानें स्थित हैं। उनका आरोप है कि 1 अगस्त की रात सौरभ धर दूबे ने वेल्डिंग मशीन से दुकानों के ताले सील कर दिए।
5 अगस्त 2019 के बाद बदल गया कश्मीर? 370 हटने के 7 साल में क्या-क्या बदला, जानें पूरी कहानी
दुकानें बंद होने से किरायेदारों का कारोबार प्रभावित होने और आर्थिक नुकसान की बात सामने आई है। विवाद के चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति भी बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों की शिकायतों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। भूमि विवाद न्यायालय में विचाराधीन होने के कारण पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए सभी आरोपों और तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 5 August 2026, 10:14 AM IST