निचलौल में संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम का सख्त संदेश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

निचलौल तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 18 July 2026, 10:51 PM IST

Maharajganj: तहसील निचलौल सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं।

जनसुनवाई के दौरान कुल 165 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 25 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देशों के साथ भेजा गया।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न बनकर वास्तविक समाधान के रूप में दिखना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवादों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पक्ष और प्रभावी ढंग से निपटाने पर जोर दिया।

महराजगंज में पनीर की दुकान पर फूड विभाग का बड़ा छापा! सैंपल सीज, लाइसेंस न मिलने पर शुरू हुई कार्रवाई

सभी विभाग शिकायतों का करें निस्तारण

डीएम ने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विभाग शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें और शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का प्रतिशत 75 प्रतिशत से अधिक बनाए रखने के लिए गंभीरता से कार्य करें।

बैठक के दौरान तहसीलदार निचलौल को धारा-24 और धारा-116 से संबंधित मामलों में न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। वहीं, ग्राम सोनबरसा के एक मामले में लेखपाल और कानूनगो द्वारा समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत न किए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और दोनों से स्पष्टीकरण लेकर विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।

महराजगंज में पनीर की दुकान पर फूड विभाग का बड़ा छापा! सैंपल सीज, लाइसेंस न मिलने पर शुरू हुई कार्रवाई

अधिशासी और अधीक्षण अभियंताओं को दिए ये निर्देश

संपूर्ण समाधान दिवस में महराजगंज-ठूठीबारी राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी शिकायतों पर भी जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए लोक निर्माण विभाग (राष्ट्रीय राजमार्ग) के अधिशासी अभियंता से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिजली विभाग और चकबंदी विभाग के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों और उनके समयबद्ध निस्तारण में लापरवाही पर संबंधित अधीक्षण अभियंताओं को भी स्पष्टीकरण जारी करने का निर्देश दिया।

डीएम ने दी हिदायत

जिलाधिकारी ने विभिन्न राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर बल देते हुए कहा कि न्यायालयों द्वारा पारित आदेशों का कानूनगो और लेखपाल समय पर पालन कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि आदेशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ये अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी सुर्वे निरंजन राजेंद्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार चौधरी, तहसीलदार निचलौल अमित कुमार सिंह, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Maharajganj

Published :  18 July 2026, 10:46 PM IST