हिंदी
Maharajganj: महराजगंज के लक्ष्मीपुर वनक्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जंगल से सटे मानिकतालाब गांव के धनहिया टोले के पास एक तेंदुआ ऊंचे पेड़ की पतली डाल पर आराम करता दिखाई दिया। पहले तो ग्रामीणों को अपनी आंखों पर भरोसा नहीं हुआ, लेकिन जैसे ही लोग करीब पहुंचे, उनके होश उड़ गए। तेंदुआ बेहद शांत अंदाज में डाल पर बैठा था और नीचे-ऊपर लपलपा भी रहा था।
कुछ ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जबकि कुछ लोग सेल्फी लेने में जुट गए। इसी दौरान ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। लोगों की बढ़ती आवाजाही और शोरगुल के बीच तेंदुआ अचानक पेड़ से उतरकर घने जंगल की ओर भाग निकला।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। गांव के लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि खेतों और जंगल किनारे जाने में डर लग रहा है। रेंजर वेदप्रकाश शर्मा ने ग्रामीणों से अपील की है कि जंगल क्षेत्र में न जाएं और वन्य जीवों को परेशान न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि वन्य जीवों के साथ छेड़छाड़ करने पर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
Location : Maharajganj
Published : 22 May 2026, 3:00 PM IST