Maharajganj: न OTP साझा किया, न बैंक डिटेल… फिर भी खाते से उड़ गए लाखों रुपये! जानें क्या है पूरा मामला

महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। मोबाइल हैक कर साइबर अपराधियों ने बैंक खाते से दो बार में बड़ी रकम निकाल ली। लगातार पैसे कटने के मैसेज आने के बाद महिला और उसके परिवार में हड़कंप मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 May 2026, 5:19 PM IST

Maharajganj: उत्तर प्रदेश में महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र स्थित बहादुरी बाजार के भौराजोत टोला में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां रहने वाली शहनाज खातून के बैंक खाते से साइबर ठगों ने लाखों रुपये उड़ा दिए। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक गुरुवार दोपहर शहनाज खातून के मोबाइल पर अचानक बैंक खाते से 98 हजार रुपये कटने का मैसेज आया। महिला जब तक इस संदेश को समझ पातीं, तभी कुछ देर बाद 91 हजार रुपये और निकलने का दूसरा मैसेज भी आ गया। लगातार खाते से रकम कटने की सूचना मिलने के बाद महिला के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत परिजनों को जानकारी दी। परिवार के लोग भी अचानक इतनी बड़ी रकम निकलने की खबर सुनकर परेशान हो गए।

Deoria: चौकी इंचार्ज पर तस्करों ने चढ़ाई गाड़ी, मेडिकल कॉलेज में भर्ती

मोबाइल हैक कर खाते तक पहुंचने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि किसी अज्ञात साइबर ठग ने उनका मोबाइल हैक कर बैंक खाते तक पहुंच बनाई और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकाल ली। महिला का कहना है कि उन्होंने किसी को भी अपना ओटीपी, एटीएम पिन या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं की थी।

इसके बावजूद खाते से रकम निकल जाना परिवार के लिए हैरानी का विषय बना हुआ है। घटना के बाद महिला ने तुरंत बैंक अधिकारियों से संपर्क किया और खाते को सुरक्षित करने की कोशिश की। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन ऑनलाइन ठगी के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन लोग अब भी पूरी तरह सतर्क नहीं हो पा रहे हैं।

Ballia Accident: बंदर से बचने के लिए भागी महिला और फिर… पढे़ं पूरी खबर

पुलिस जांच में जुटी, लोगों से सतर्क रहने की अपील

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से ट्रांजेक्शन और मोबाइल गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और मोबाइल या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। इसके अलावा मोबाइल में संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से भी बचने की सलाह दी गई है। घटना के बाद इलाके के लोगों में डर और चिंता का माहौल है। वहीं पीड़ित परिवार बैंक खाते से निकली रकम वापस मिलने की उम्मीद लगाए बैठा है।

Location :  Maharajganj

Published :  14 May 2026, 5:19 PM IST