होली से पहले महराजगंज में शराब दुकानों पर बड़ा एक्शन, प्रशासन की छापेमारी से मचा हड़कंप; जानें क्या-क्या मिला?

होली पर्व से पहले महराजगंज के नौतनवा क्षेत्र में प्रशासन ने देशी-विदेशी शराब की दुकानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। स्टॉक, एमआरपी और लाइसेंस की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने ओवररेटिंग और अवैध बिक्री पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

Maharajganj: होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद महराजगंज के नौतनवा क्षेत्र में प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए शराब की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। त्योहार से ठीक पहले हुई इस कार्रवाई से नगर क्षेत्र के लाइसेंसी देशी और विदेशी शराब विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।

संयुक्त टीम ने की सघन जांच

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, यह विशेष जांच अभियान एसडीएम नौतनवा, आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर और क्षेत्राधिकारी (सीओ) नौतनवा के नेतृत्व में चलाया गया। अधिकारियों की संयुक्त टीम ने नगर की विभिन्न शराब दुकानों पर पहुंचकर स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रजिस्टर, एमआरपी सूची, बारकोड, होलोग्राम और लाइसेंस से संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।

जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि दुकानों पर उपलब्ध शराब का स्टॉक अभिलेखों के अनुरूप है या नहीं। साथ ही, किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, मिलावट या नियमों के उल्लंघन की संभावना को भी परखा गया।

ओवररेटिंग और कालाबाजारी पर सख्त चेतावनी

अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होली के दौरान शराब की मांग बढ़ने की संभावना रहती है, लेकिन इसका फायदा उठाकर ओवररेटिंग या कालाबाजारी करना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे में अगर कोई दुकानदार निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर शराब बेचते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

महराजगंज में 24 लाख की सड़क पर भ्रष्टाचार और धांधली के बड़े आरोप, जांच के आदेश जारी

प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी कि गंभीर अनियमितता मिलने पर लाइसेंस निरस्तीकरण तक की कार्रवाई की जा सकती है। इस सख्ती से यह संदेश देने की कोशिश की गई कि त्योहार के नाम पर नियमों से समझौता नहीं किया जाएगा।

सुरक्षा और व्यवस्था पर भी जोर

छापेमारी के दौरान दुकानों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति न बने।

शादी की खुशियों पर टूटा मातम: सिसवा में पिता-पुत्र की मौत, पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

इसके अलावा, अवैध और मिलावटी शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए भी प्रशासन सतर्क है। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब की सूचना मिले तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

त्योहार को सुरक्षित बनाने की तैयारी

प्रशासन का कहना है कि होली जैसे बड़े त्योहार पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से निगरानी बढ़ाई गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

Location : 
  • Maharajganj

Published : 
  • 1 March 2026, 6:45 PM IST

Advertisement
Advertisement