
महराजगंज ने प्रदेश में लहराया परचम फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद ने एक बार फिर प्रदेश स्तर पर अपनी प्रशासनिक क्षमता और विकास की मजबूत तस्वीर पेश की है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के नेतृत्व में जिले को राजस्व एवं विकास कार्यों की संयुक्त रैंकिंग में प्रदेश में 6वां स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि जिले के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है और प्रशासनिक गलियारों से लेकर आम जनता तक खुशी का माहौल है।
महराजगंज को 6वां स्थान
प्रदेश स्तर पर जारी रैंकिंग के अनुसार विकास कार्यों में महराजगंज को 6वां स्थान मिला है, जबकि राजस्व कार्यों में जिले ने 10वीं रैंक हासिल की है। दोनों श्रेणियों की संयुक्त समीक्षा में महराजगंज ने टॉप-10 जिलों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराते हुए प्रदेश में 6वां स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के प्रभावी नेतृत्व और प्रशासनिक सख्ती का परिणाम माना जा रहा है।
जिले में विकास कार्यों की गति तेज
जिलाधिकारी के पदभार ग्रहण करने के बाद से ही जिले में विकास कार्यों की गति तेज हुई है। सरकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा, अधिकारियों की जवाबदेही तय करना, जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण और योजनाओं के धरातल पर बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष फोकस किया गया। यही वजह है कि महराजगंज का प्रदर्शन प्रदेश स्तर पर लगातार बेहतर होता दिखाई दे रहा है।
विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
सूत्रों के अनुसार जिले में सड़क निर्माण, पंचायत विकास, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा व्यवस्था, राजस्व निस्तारण और जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। जिलाधिकारी द्वारा लगातार विभागीय बैठकों के माध्यम से कार्यों की मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 10 May 2026, 5:07 PM IST