अनियमितता के आरोप में कोल्हुई में गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जांच में दोषी पाए जाने पर संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कोल्हुई में गैस एजेंसी संचालक के खिलाफ एक्शन ( Img: Dynamite News)
Maharajganj: जनपद के कोल्हुई क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत और वितरण में गड़बड़ी को लेकर लंबे समय से उपभोक्ताओं में नाराजगी चल रही थी। बुधवार को यह गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा जब ग्रामीणों ने गोरखपुर-सोनौली हाईवे पर जमकर हंगामा किया और चक्का जाम कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि वंशराजी इंडेन ग्रामीण वितरक एजेंसी समय पर सिलेंडर नहीं दे रही और वितरण प्रक्रिया में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं।
मामले की सूचना मिलते ही एडीएम, एडिशनल एसपी और जिला पूर्ति अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वंशराजी इंडेन गैस एजेंसी पर दो घंटे तक विस्तृत जांच-पड़ताल की। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय कुमार सहानी की अगुवाई में की गई इस जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
विभाग को पहले से ही शिकायतें मिल रही थीं कि एजेंसी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध नहीं करा रही और वितरण में गड़बड़ की जा रही है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारी ने एजेंसी के रिकॉर्ड की जांच की।
जांच के दौरान रिकॉर्ड में 47 भरे हुए और 104 खाली सिलेंडर कम पाए गए। वितरण प्रणाली में पारदर्शिता की पूर्ण कमी, उपभोक्ताओं के साथ लापरवाही और अन्य कई अनियमितताएं सामने आईं। इन सबके आधार पर क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विजय कुमार सहानी ने थाने में तहरीर देकर एजेंसी संचालक मनीष गुप्ता के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि जांच में दोषी पाए जाने पर संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
महराजगंज में गैस सिलेंडर की जंग: सड़क पर लाइन लगाने पर पुलिस ने जब्त किए सिलेंडर, मचा हड़कंप
यह घटना उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि ऐसी शिकायतों पर भविष्य में भी सख्ती से निपटा जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में गैस जैसी जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति सुचारू रूप से हो सके।