कलेक्ट्रेट में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: डीएम कार्यालय से जुड़े एडीएम के स्टेनो, कई कर्मचारियों के पटल बदले

जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर महराजगंज कलेक्ट्रेट और तहसीलों में लिपिक एवं आशुलिपिक संवर्ग के कर्मचारियों का व्यापक पटल परिवर्तन किया गया है। एडीएम कार्यालय में तैनात आशुलिपिक केशव कुमार को जिलाधिकारी कार्यालय से संबद्ध किए जाने को प्रशासनिक हलकों में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Maharajganj: जनपद प्रशासन में कार्यों की गति और दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर कलेक्ट्रेट और तहसील स्तर पर तैनात आशुलिपिक एवं लिपिक संवर्ग के कर्मचारियों के कार्यक्षेत्र में व्यापक बदलाव किया गया है। अपर जिलाधिकारी प्रशांत कुमार द्वारा जारी आदेश के तहत कई कर्मचारियों के पटल परिवर्तन के साथ-साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) कार्यालय में तैनात आशुलिपिक केशव कुमार को जिलाधिकारी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। इस निर्णय को प्रशासनिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कलेक्ट्रेट सूत्रों के मुताबिक जिलाधिकारी के विशेष कार्याधिकारी (स्टेनो) रामप्रवेश आगामी कुछ महीनों में सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ऐसे में केशव कुमार की डीएम कार्यालय में संबद्धता को भविष्य की प्रशासनिक तैयारियों के रूप में भी देखा जा रहा है।

आदेश के तहत राजेन्द्र गुप्ता, सुशील प्रकाश सिंह, शिवबचन, आनंद श्रीवास्तव, ममता मिश्रा, विजय कुमार चौधरी, शंकर प्रसाद, प्रशांत पाण्डेय तथा अनूप प्रकाश चन्द्रा समेत कई कर्मचारियों के पटल बदले गए हैं। विभिन्न तहसीलों में नायब नाजिर, फौजदारी अहलमद, नकल नवीस, वासिल बाकी नवीस और राजस्व लिपिक जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की जिम्मेदारियां भी पुनर्निर्धारित की गई हैं।

प्रशासन की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल अथवा अतिरिक्त प्रभार वाले पद पर कार्यभार ग्रहण कर इसकी आख्या प्रस्तुत करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि अतिरिक्त प्रभार के एवज में किसी प्रकार का अतिरिक्त भत्ता या वित्तीय लाभ देय नहीं होगा।

इलाज से ज्यादा इंतजार बना मुसीबत, रायबरेली जिला अस्पताल में भीड़ और अव्यवस्था का भयानक सच आया सामने

प्रशासनिक जानकारों का मानना है कि यह फेरबदल केवल नियमित स्थानांतरण नहीं बल्कि कलेक्ट्रेट और तहसील स्तर पर कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने की कवायद का हिस्सा है। विशेष रूप से जिलाधिकारी कार्यालय में केशव कुमार की संबद्धता को आने वाले समय में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलावों के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

Location :  Maharajganj

Published :  1 June 2026, 4:06 PM IST

Advertisement