
बिजली कटौती
Maharajganj : भीषण गर्मी के बीच बिजली की आंख-मिचौली ने कोल्हुई क्षेत्र के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। दिन हो या रात, बिना किसी पूर्व सूचना के हो रही अघोषित बिजली कटौती से पूरा इलाका परेशान है और लोग राहत के बजाय दिक्कतों का सामना कर रहे हैं।
कोल्हुई क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती ने आम लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। पंखे और कूलर बंद रहने से घरों के अंदर रहना मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि रोस्टिंग के नाम पर कई बार घंटों बिजली गायब रहती है। जिससे दैनिक कार्य भी बाधित हो रहे हैं।
बिजली न रहने के कारण घरों में उमस बढ़ जाती है, जिससे लोग देर रात तक घरों के बाहर सड़कों और गलियों में टहलने को मजबूर हैं। सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। जिनकी नींद पूरी नहीं हो पा रही है और स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बिजली गुल रहने से उनका धैर्य जवाब देने लगा है। रातों की नींद खराब होने के कारण दिनभर थकान और चिड़चिड़ापन बना रहता है। इससे कामकाज भी प्रभावित हो रहा है और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
कस्बे के निवासी मन्ना, गणेश, रामप्रीत प्रजापति, अकबाल अहमद, रामअचल और श्यामसागर समेत कई लोगों ने बिजली विभाग से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उन्होंने बताया कि यदि किसी कारण बिजली आपूर्ति बाधित करनी हो तो पहले से सूचना दी जानी चाहिए। जिससे लोगों को परेशानी न हो।
Location : Maharajganj
Published : 3 June 2026, 1:17 AM IST