Maharajganj: खेत में जला मिला महिला का शव, पहचान न होने से उलझी जांच

श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के सेमरा चन्द्रौली गांव में बुधवार सुबह खेत में एक महिला का जला शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 22 April 2026, 1:14 PM IST

Maharajganj: जनपद के सेमरा चन्द्रौली गांव में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ग्रामीणों ने बड़ी नहर के पश्चिम दिशा में स्थित राजा राम सिंह के खेत में एक महिला का जला शव पड़ा देखा। शव को देखते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और घटनास्थल के आसपास मौजूद साक्ष्यों को सुरक्षित किया। कुछ ही देर बाद क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेते हुए पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मंडप सजा था, बस फेरों की थी देर… तभी पहुंची टीम और रुक गई शादी; पढ़ें सनसनीखेज खबर

एसपी ने मौके पर किया निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी सिद्धार्थ ने भी मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस को हर पहलू से जांच करने और महिला की पहचान जल्द से जल्द कराने के निर्देश दिए। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की।

बताया जा रहा है कि मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास है, लेकिन शव बुरी तरह जल जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। साथ ही बीते दिनों में लापता हुई महिलाओं की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

Ballia: जानें किसानों की मेहनत को आग से बचाव के लिए प्रशासन ने क्या की पहल

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला बेहद संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस हत्या, दुर्घटना और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

Location :  Maharajganj

Published :  22 April 2026, 1:14 PM IST