
बिना पासपोर्ट घुसने की कोशिश में अमेरिकी नागरिक गिरफ्ता (Img: Dynamite News)
Maharajganj: महराजगंज जिले में भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर रविवार को उस समय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं, जब एक अमेरिकी नागरिक बिना किसी वैध यात्रा दस्तावेज के नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश करता मिला। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के जवानों ने सीमा स्तंभ संख्या-516 के पास उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भागने लगा। जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और कंपनी मुख्यालय लाकर पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक पूछताछ में विदेशी नागरिक ने अपना नाम सैम ब्राउन बताया और खुद को अमेरिका के कैलिफोर्निया का निवासी बताया। तलाशी के दौरान उसके पास न तो पासपोर्ट मिला और न ही कोई अन्य वैध यात्रा दस्तावेज। उसने दावा किया कि उसका पासपोर्ट बेंगलुरु में रहने वाले एक परिचित के पास है, लेकिन वह उस व्यक्ति की पूरी जानकारी या पासपोर्ट अपने पास न होने का संतोषजनक कारण नहीं बता सका।
पूछताछ के दौरान सैम ब्राउन ने कई ऐसे दावे किए, जिनकी अब जांच की जा रही है। उसने बताया कि उसने कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई की है और वह अमेरिकी नेवी तथा स्पेशल फोर्सेज का पूर्व सदस्य रह चुका है। उसके अनुसार वह करीब 70 देशों की यात्रा कर चुका है और भारत आने से पहले इंडोनेशिया के बाली में था।
विदेशी नागरिक ने बताया कि गोवा में उसकी मुलाकात नेपाल के एक व्यक्ति से हुई थी, जिससे मिलने के लिए वह सोनौली पहुंचा था। हालांकि पूछताछ के दौरान वह उस व्यक्ति का पूरा नाम, पता या अन्य पहचान संबंधी जानकारी नहीं दे सका। उसने यह भी दावा किया कि वर्ष 2024 में उत्तराखंड की रहने वाली चेतना नाम की योग प्रशिक्षक से विवाह किया था।
घर में मची चीख-पुकार… एक झटके ने उजाड़ दिया परिवार! महराजगंज से चौंकाने वाला मामला
एसएसबी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए खुफिया एजेंसियों और अन्य सुरक्षा इकाइयों को भी जांच में शामिल किया है। अधिकारी उसके यात्रा रिकॉर्ड, पहचान, भारत में मौजूदगी और नेपाल जाने के उद्देश्य की गहन पड़ताल कर रहे हैं। फिलहाल उससे लगातार पूछताछ जारी है और सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जांच पूरी होने और दस्तावेजों की पुष्टि के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को संवेदनशील मानते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 12 July 2026, 10:49 AM IST