24 घंटे तक चली ‘ऑपरेशन उर्वशी’ की जंग, कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ का रेस्क्यू; रोहिणी नदी में मिली सुरक्षित पनाह

महराजगंज के अमरुतीया बाजार में मगरमच्छ मिलने से मचा हड़कंप, वन विभाग की टीम ने करीब 24 घंटे तक चलाए रेस्क्यू अभियान के बाद ‘उर्वशी’ को सुरक्षित पकड़ा। रेस्क्यू के बाद भगवानपुर बीट के अभ्यारण्य क्षेत्र में रोहिणी नदी के प्राकृतिक वास में छोड़ा गया।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 13 August 2026, 2:24 PM IST

Maharajganj: पकड़ी रेंज के अंतर्गत अमरुतीया बाजार नगर पालिका परिषद क्षेत्र में मगरमच्छ की दस्तक से लोगों में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ना वन विभाग की टीम के लिए भी आसान नहीं था। सूचना मिलने के बाद क्षेत्रीय वनाधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी के निर्देशन में वनकर्मियों और विशिष्ट रेस्क्यू टीम ने मोर्चा संभाला। करीब 24 घंटे तक लगातार चले अभियान और कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने मगरमच्छ को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान टीम ने पूरी सतर्कता बरतते हुए सुरक्षा मानकों का पालन किया। काफी प्रयास के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित कब्जे में लिया गया। वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू किए गए मगरमच्छ का नाम ‘उर्वशी’ रखा।

ये भी पढ़ें - Maharajganj: रात में अघोषित बिजली कटौती से धानीवासी त्रस्त, बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित

मगरमच्छ के रेस्क्यू के बाद वन विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और उसे भगवानपुर बीट के अभ्यारण्य क्षेत्र में रोहिणी नदी के प्राकृतिक वास में सुरक्षित छोड़ दिया। प्राकृतिक आवास में पहुंचाए जाने के बाद वन विभाग ने राहत की सांस ली, वहीं क्षेत्रवासियों ने भी राहत महसूस की।

वन विभाग ने लोगों से की अपील

वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि वन्यजीवों का रेस्क्यू कर उन्हें उनके अनुकूल प्राकृतिक आवास में वापस पहुंचाना वन्यजीव संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर खुद उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित रेस्क्यू कर सके।

ये भी पढ़ें - Maharajganj: आखिर सड़क किनारे कौन छोड़ गया 19 बोरी यूरिया? पुलिस ने शुरू की जांच

ये रहे रेस्क्यू अभियान में शामिल

सफल रेस्क्यू अभियान के दौरान क्षेत्रीय वनाधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी, वन दरोगा विपुल कुमार मिश्रा, वन दरोगा बृजेश चौहान, वन रक्षक विक्रांत सिंह समेत सुरक्षा टीम मौजूद रही। करीब एक दिन तक चले अभियान के सफल होने के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग की टीम के प्रयासों की सराहना की।

Location :  Maharajganj

Published :  13 August 2026, 2:24 PM IST