हिंदी
लोकायुक्त ने मांगी रिपोर्ट
Maharajganj: महाराजगंज के विकास खंड सिसवा अंतर्गत ग्राम सभा हरपुर पकड़ी में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोपों ने प्रशासनिक तंत्र में हलचल मचा दी है। शासकीय धन के कथित दुरुपयोग और विकास कार्यों में गड़बड़ी की शिकायत के बाद लोकायुक्त कार्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश जारी कर दिए हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
पूरा मामला शिकायतकर्ता राहुल सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। आरोप लगाया गया है कि ग्राम सभा में कराए गए विकास कार्यों में भारी अनियमितताएं हुई हैं और सरकारी धन का सही तरीके से उपयोग नहीं किया गया। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए उत्तर प्रदेश लोकायुक्त कार्यालय, लखनऊ ने जिलाधिकारी महराजगंज से विस्तृत जांच रिपोर्ट और सभी संबंधित अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उप लोक आयुक्त कार्यालय की ओर से जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि मामले की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच की जाए। लोकायुक्त ने कहा है कि यदि जांच में भ्रष्टाचार, वित्तीय गड़बड़ी या किसी प्रकार का दंडनीय कृत्य प्रमाणित होता है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही राज्य सरकार की "जीरो टॉलरेंस" नीति का पालन करने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
लोकायुक्त ने जिलाधिकारी से कहा है कि पूरी जांच कर 22 जून 2026 तक विस्तृत रिपोर्ट कार्यालय को भेजी जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि यदि जांच के दौरान किसी व्यक्ति या अधिकारी पर वैधानिक कार्रवाई की जाती है, तो उसकी पूरी जानकारी भी लोकायुक्त को उपलब्ध कराई जाए।
महाराजगंज में खौफनाक वारदात: शराब के विरोध में खून-खराबा, 3 घायल; जानें क्या है पूरा मामला
लोकायुक्त के निर्देश के बाद प्रशासनिक स्तर पर हलचल बढ़ गई है। संबंधित विभागों द्वारा विकास कार्यों से जुड़े सभी अभिलेखों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट को तय समय सीमा के भीतर तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
Location : Maharajganj
Published : 31 May 2026, 9:33 PM IST