लखनऊ अग्निकांड: सीएम योगी के निर्देश पर 4 अफसर तत्काल सस्पेंड, जानिए कौन हैं ये अधिकारी?

लखनऊ के अलीगंज में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया। जांच के लिए एसआईटी का भी गठन किया गया है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 23 June 2026, 1:13 PM IST

Lucknow: लखनऊ के अलीगंज इलाके में हुए भीषण अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक्शन मोड में नजर आए। घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी शुरू कर दी और लखनऊ पहुंचकर खुद हालात का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही चार अभियुक्तों की गिरफ्तारी भी की गई है।

किन अधिकारियों पर गिरी गाज?

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिन चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड किया गया है, उनमें विभिन्न विभागों के जिम्मेदार अधिकारी शामिल हैं।

सस्पेंड किए गए अधिकारियों में बिजली विभाग के जानकीपुरम एक्सईएन कलेक्शन गौरव कुमार, फायर विभाग (एफएसएसओ) इंदिरा नगर के प्रभारी कमलेन्द्र कुमार सिंह, लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के सहायक अभियंता (एई) अनिल कुमार और जूनियर इंजीनियर (जेई) प्रमोद पांडे शामिल हैं।

सरकार की इस कार्रवाई को हादसे के प्रति जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

Lucknow Coaching Fire: कोचिंग में पढ़ रहे थे छात्र, तभी नीचे दुकान में उठीं आग की लपटें… अलीगंज में अचानक ये क्या हुआ?

हाईलेवल बैठक में एसआईटी गठन का फैसला

किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज का दौरा करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांच कालीदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में प्रदेश के सभी प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने मामले की गहन जांच के लिए दो सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने के निर्देश दिए। एसआईटी का नेतृत्व अपर मुख्य सचिव, पर्यटन, धर्मार्थ एवं संस्कृति विभाग अमृत अभिजात और अपर पुलिस महानिदेशक लखनऊ जोन प्रवीण कुमार करेंगे।

चार अभियुक्त गिरफ्तार

अग्निकांड मामले में पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में अलीगंज निवासी रामकृष्ण उपाध्याय, बड़ा दुर्गा मंदिर सीतापुर रोड निवासी वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, बालागंज निवासी तूशॉक कृष्णा जायसवाल और मड़ियांव निवासी सुरेश कुमार साहू शामिल हैं।

अलीगढ़ से सीधे लखनऊ पहुंचे मुख्यमंत्री

घटना के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ दौरे पर थे और एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मंच से ही उन्हें हादसे की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने अपने सभी कार्यक्रम रद्द किए और तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

इससे पहले उन्होंने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए थे।

Moradabad Fire Incident: रेस्टोरेंट में भीषण आग हादसा, सिलेंडर के धमाकों से दहला इलाका, महिला की मौत, कई झुलसे

घायलों से मिले, मुआवजे का किया ऐलान

लखनऊ पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना तथा डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

Location :  Lucknow

Published :  23 June 2026, 1:13 PM IST