
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Lucknow: राजधानी के चिनहट इलाके में एक लापरवाही ने एक व्यक्ति की जान ले ली। चलती कार का दरवाजा अचानक खोलने से स्कूटी सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
यह घटना चिनहट क्षेत्र में उस समय हुई जब कार चालक ने चलते वाहन का दरवाजा अचानक खोल दिया। जानकारी के मुताबिक चालक थूकने के लिए दरवाजा खोला था तभी स्कूटी सवार उससे टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार का सिर सीधे कार के दरवाजे से टकराया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की कोशिश की।
हादसे के बाद कार चालक और आसपास के लोगों ने घायल को तुरंत डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान शक्तिनगर, इंदिरानगर निवासी 50 वर्षीय शौनक शुक्ला के रूप में हुई है। वह पेशे से स्टेशनरी की दुकान चलाते थे। रविवार दोपहर वह मटियारी स्थित अपने हॉस्टल किसी काम से जा रहे थे। रास्ते में यादव ढाबा के पास यह हादसा हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मृतक के भाई पंडित इंद्र देव शुक्ला ने बताया कि शौनक भाजपा से जुड़े हुए थे। परिवार में उनकी पत्नी राधा शुक्ला और दो बच्चे हैं। अचानक हुई इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि अस्पताल में मौत की पुष्टि होने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
चिनहट थाना प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Lucknow
Published : 27 April 2026, 9:01 AM IST
Topics : Lucknow Accident Traffic Incident UP News