आतंकी साजिश की जांच: रेकी के बदले विदेश से भेजी गई रकम, ATS के हत्थे चढ़े संदिग्ध

यूपी ATS की जांच में संदिग्ध आतंकियों के 8 बैंक खातों में पाकिस्तानी हैंडलर्स से पैसे आने का खुलासा हुआ है। खातों को सीज कर दिया गया है और अब पंजाब कनेक्शन की जांच तेज कर दी गई है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 21 April 2026, 3:45 PM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में आतंकी साजिश की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे चौंकाने वाले खुलासे सामने आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड की जांच में अब फंडिंग का बड़ा लिंक सामने आया है। पकड़े गए संदिग्धों के बैंक खातों में सीधे पाकिस्तानी हैंडलर्स से पैसा भेजा गया था, जिसने इस साजिश को और गंभीर बना दिया है।

8 बैंक खातों में आया पैसा

एटीएस जांच में सामने आया है कि संदिग्ध आतंकियों के करीब आठ बैंक खातों में पाकिस्तानी हैंडलर्स ने रकम ट्रांसफर की थी। अब तक करीब दो लाख रुपये के ट्रांजेक्शन का पता चला है। इन खातों को तुरंत सीज कर दिया गया है ताकि आगे किसी तरह की फंडिंग को रोका जा सके।

लखनऊ में बड़ी साजिश की थी तैयारी

एटीएस ने 2 अप्रैल को लखनऊ के आलमनगर रेलवे स्टेशन के पास से मेरठ के साकिब, अरबाब और गौतमबुद्धनगर के लोकेश व विकास को गिरफ्तार किया था। जांच में खुलासा हुआ कि ये आरोपी लखनऊ समेत कई शहरों में विस्फोट की साजिश रच रहे थे। खासतौर पर रेलवे सिग्नल बॉक्स को निशाना बनाने की योजना थी।

सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत, एक की हो रही है शिनाख्त

रेकी और आगजनी के लिए मिली रकम

सूत्रों के मुताबिक आरोपियों को जो रकम भेजी गई थी, वह बड़ी नहीं थी लेकिन उसका इस्तेमाल रेकी करने और छोटी-छोटी आगजनी की घटनाओं के लिए किया जाना था। यह फंडिंग सीधे पाकिस्तान से जुड़े हैंडलर्स द्वारा की जा रही थी, जो पूरे नेटवर्क को कंट्रोल कर रहे थे।

पंजाब कनेक्शन की तलाश

जांच में यह भी सामने आया है कि लखनऊ में वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पंजाब जाने वाले थे। उनके आने-जाने और रहने-खाने का खर्च भी हैंडलर्स द्वारा भेजा जाना था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पंजाब में उनका संपर्क किससे होने वाला था।

मैनपुरी में सास-बहू की नोकझोंक पुलिस अधीक्षक के दरबार में, हड़कंप

जांच और तेज, हर लिंक की पड़ताल

एटीएस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। जरूरत पड़ने पर टीम को पंजाब भी भेजा जा सकता है। अधिकारियों का कहना है कि फाइनेंशियल ट्रेल, तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर केस को मजबूत किया जा रहा है, ताकि इस नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

Location :  Lucknow

Published :  21 April 2026, 3:45 PM IST

Advertisement