
इलाज के दौरान मौत
Maharajganj: जनपद के निचलौल वन्य क्षेत्र से सटे इलाके में तेंदुए के हमले से एक 16 वर्षीय किशोरी की जान चली गई। यह दर्दनाक घटना निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम बढ़या मुस्तकील में हुई, जहां आबिद अली की पुत्री शैरुन निशा तेंदुए का शिकार बन गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार , शैरुन निशा मंगलवार दोपहर लगभग 3:30 बजे अपने निजी कार्य से गांव के पास स्थित नहर किनारे बने बंधे की ओर गई थी। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमले में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किशोरी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
घटना के बाद से क्षेत्र में तेंदुए को लेकर दहशत फैल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वन्य क्षेत्र से सटे गांवों में तेंदुए की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, लेकिन अब तक वन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों को डर है कि यदि जल्द तेंदुए को नहीं पकड़ा गया तो कोई और बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़ने, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, पिंजरे लगाने और गांव के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 17 January 2026, 5:03 PM IST
Topics : Leopard attack Maharajganj News UP News