नवविवाहिता पत्नी और मां सदमे में… दुबई से लौटते बेटे के लापता होने से कुशीनगर के इस परिवार में मचा हड़कंप

कुशीनगर के मधवापुर निवासी नितेश यादव दुबई एयरपोर्ट से भारत लौटते समय रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। पानी लेने के बाद वह वापस नहीं आया और फ्लाइट में उसकी सीट खाली रह गई। परिवार और पत्नी सदमे में हैं और सांसद से मदद की गुहार लगाई गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 June 2026, 12:25 PM IST

Kushinagar: कसया क्षेत्र के मधवापुर निवासी 30 वर्षीय नितेश कुमार यादव के दुबई एयरपोर्ट से रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। भारत वापसी की प्रक्रिया के दौरान हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और सभी लोग अनहोनी की आशंका से चिंतित हैं।

दुबई में रोजगार के लिये गया था युवक

नितेश कुमार यादव 25 फरवरी 2026 को रोजगार की तलाश में नयाल बिल्डिंग कंट्रेक्टिंग एलएलसी, दुबई गया था। वह वहां कारपेंटर के रूप में कार्यरत था और अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालने के उद्देश्य से विदेश गया था।

वापसी की प्रक्रिया और एयरपोर्ट तक यात्रा

परिजनों के अनुसार 7 जून 2026 को कंपनी की ओर से उसे भारत वापस भेजने की व्यवस्था की गई। उसके साथ तीन अन्य बिहार निवासी कर्मचारी भी थे। चारों एक साथ बस के जरिए दुबई एयरपोर्ट पहुंचे और सभी ने वापसी की तैयारी की थी।

Kushinagar News: सीएम योगी के दौरे से पहले हाई अलर्ट, डीएम-एसपी ने खुद संभाली तैयारियों की कमान

एयरपोर्ट पर रहस्यमय ढंग से लापता

जानकारी के अनुसार तीन साथी मन्नू कुमार यादव, इसराफील अंसारी और अमित कुमार सकुशल भारत लौट आए, लेकिन नितेश कुमार यादव फ्लाइट में सवार नहीं हो सका। गोरखपुर निवासी मनोज कुमार के अनुसार नितेश को टिकट के साथ एयरपोर्ट तक भेजा गया था और वह अपने साथियों से मिला भी था। बताया गया कि वह पानी की बोतल लेने गया और फिर वापस नहीं लौटा। इसके बाद फ्लाइट में उसकी सीट खाली रह गई और वह लापता हो गया।

परिजनों ने शुरू की खोजबीन

इस घटना के बाद परिवार में गहरी चिंता फैल गई है। मां धुपा देवी अपने इकलौते बेटे के गायब होने से रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग हर स्तर पर उसकी तलाश में जुटे हुए हैं और किसी भी सूचना का इंतजार कर रहे हैं।

नवविवाहित पत्नी सदमे में

बताया गया है कि नितेश कुमार यादव की शादी नवंबर माह में ही हुई थी। ऐसे में उसकी नवविवाहित पत्नी इस घटना से पूरी तरह सदमे में है। घर का माहौल गमगीन हो गया है और परिजन लगातार मानसिक तनाव में हैं।

Kushinagar News: पराली जलाने से खेतों में लगी भीषण आग, चपेट में आया आबादी क्षेत्र, जानें पूरी खबर

सांसद से मदद की गुहार

परिजनों ने राज्यसभा सांसद आरपीएन सिंह को पत्र लिखकर बेटे की सकुशल वापसी में सहायता की गुहार लगाई है। सांसद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जिससे परिवार को कुछ उम्मीद की किरण नजर आई है।

Location :  Kushinagar

Published :  17 June 2026, 12:25 PM IST