कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में आज पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार की उपस्थिति में आगामी नवरात्रि, अलविदा/रमजान के अंतिम शुक्रवार, ईद-उल-फितर तथा रामनवमी के त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे के साथ सम्पन्न कराने के लिए बैठक की।

Kushinagar: कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस अधीक्षक (एसपी) केशव कुमार की उपस्थिति में आगामी नवरात्रि, रमजान के अंतिम शुक्रवार, ईद-उल-फितर और रामनवमी के त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण के अलावा भाईचारे के साथ सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जनपद स्तरीय अधिकारियों एवं सेंट्रल पीस कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कमेटी के सदस्यों को आगामी त्योहारों की हार्दिक बधाई के साथ शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूर्व में आयोजित सभी त्योहार आपसी समन्वय और सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुए हैं, जिसके लिए सभी संबंधितों का धन्यवाद। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को भी बेहतर तालमेल और आपसी सहयोग से सकुशल सम्पन्न कराया जाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कुशीनगर दौरे पर मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, इन मुद्दों को लेकर हुई चर्चा; कहा- कोई कमी मिली तो…
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग राष्ट्रभावना के साथ त्योहार मनाएं और किसी भी छोटी-मोटी समस्या का समाधान मौके पर ही आपसी समन्वय से किया जाए। उन्होंने सभी से सजग एवं सतर्क रहने, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की सूचना तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराने की अपील की, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने निर्देशित किया कि सभी उप-जिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करें। ईदगाहों और मस्जिदों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को निर्देश दिया गया कि सभी अधिशासी अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से नवरात्रि एवं रामनवमी के दृष्टिगत मंदिरों, शिवालयों और मंदिर मार्गों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास भी स्वच्छता की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने ईद के दिन समय से पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि एम्बुलेंस सेवाएं सक्रिय रखी जाएं। सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाते हुए आवश्यक दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि सभी त्योहार पारंपरिक तरीके से ही सम्पन्न कराए जाएं और किसी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि मेला स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर लिया जाए। रात्रि के समय पर्याप्त विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित रहे। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं के लिए शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की छोटी घटना को तत्काल मौके पर ही निस्तारित किया जाए तथा माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), एडिशनल एसपी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, सभी खंड विकास अधिकारी, नगर पालिका और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।