हिंदी
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Maharajganj: पुलिस विभाग में शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के नेतृत्व में जिले के 22 निरीक्षकों और उप निरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए 13 थानेदारों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस बदलाव के बाद पूरे पुलिस महकमे में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा। कई पुराने थानेदारों की जिम्मेदारियां बदली गईं, जबकि कुछ अधिकारियों को संवेदनशील और महत्वपूर्ण थानों की कमान सौंपी गई है।
इस फेरबदल में सबसे अधिक चर्चा उप निरीक्षक कुंवर गौरव सिंह को लेकर हो रही है। घुघली थाने में तैनात रहे गौरव सिंह को अब कोल्हुई थाना प्रभारी बनाया गया है। नेपाल बॉर्डर से सटा कोल्हुई थाना जिले के संवेदनशील थानों में गिना जाता है, जहां कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती माना जाता है।
सीमा क्षेत्र होने की वजह से यहां अपराध नियंत्रण, तस्करी पर निगरानी और शांति व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी काफी अहम होती है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि कुंवर गौरव सिंह अपने नए कार्यकाल में पुलिस अधीक्षक के भरोसे पर कितना खरा उतरते हैं और क्षेत्र में पुलिसिंग को किस तरह मजबूत बनाते हैं।
कुछ महीने पहले कुंवर गौरव सिंह एक कथित वायरल ऑडियो को लेकर भी सुर्खियों में आए थे। वायरल बताए गए ऑडियो में वह अपने ही थाने के कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाते और अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते सुनाई दिए थे। हालांकि विभागीय जांच में ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी, लेकिन यह मामला लंबे समय तक जिले में चर्चा का विषय बना रहा।
अब कोल्हुई जैसे महत्वपूर्ण थाने की जिम्मेदारी मिलने के बाद एक बार फिर उनका नाम चर्चा में आ गया है। पुलिस विभाग के भीतर भी इस नियुक्ति को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
पुलिस विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार इंस्पेक्टर धनंजय कुमार राय को बरगदवा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं कोल्हुई के तत्कालीन थानेदार अखिलेश कुमार सिंह को हटाकर श्यामदेउरवा भेजा गया है। इसके अलावा संजय सिंह को पनियरा, राघवेन्द्र सिंह को फरेंदा कोतवाली तथा अंकित सिंह को निचलौल थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Maharajganj: प्रदर्शन करने जा रहे मजदूर नेता को पुलिस ने किया हाउस अरेस्ट
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि नई तैनाती से पहले अधिकारियों का साक्षात्कार लिया गया था। अधिकारियों की कार्यक्षमता, नेतृत्व क्षमता और कानून व्यवस्था संभालने की योग्यता के आधार पर जिम्मेदारियां तय की गई हैं। उन्होंने कहा कि जिले में बेहतर पुलिसिंग और मजबूत कानून व्यवस्था बनाए रखना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
Location : Maharajganj
Published : 17 May 2026, 9:02 AM IST
Topics : Kolhui Police Station Kunwar Gaurav Singh Maharajganj News maharajganj police Viral Audio Case