
कोल्हुई में दोस्त के नाम पर आया मदद का मैसेज (Img: Dynamite News)
Kolhui (Maharajganj): कोल्हुई(महराजगंज) जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के बहदुरी बाजार निवासी एक युवक साइबर ठगी का शिकार हो गया। ठगों ने युवक के दोस्त का फेसबुक अकाउंट हैक कर उससे मदद के नाम पर 25 हजार रुपये ठग लिए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार बहदुरी बाजार निवासी सुनील वरुण के फेसबुक मैसेंजर पर उसके एक परिचित के अकाउंट से अचानक संदेश आया। मैसेज में जरूरी काम बताते हुए तत्काल रुपये भेजने की बात कही गई। दोस्त पर भरोसा करते हुए सुनील ने बताए गए खाते में दो किस्तों में कुल 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
रुपये भेजने के कुछ देर बाद युवक ने अपने दोस्त को फोन किया तो सच्चाई सामने आई। दोस्त ने बताया कि उसका फेसबुक अकाउंट हैक हो चुका है और उसने किसी से कोई रुपये नहीं मांगे हैं। यह सुनते ही युवक के होश उड़ गए और उसे अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ।
पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी। एसआई पंकज सिंह ने बताया कि जिस खाते में पैसा भेजा गया था, उसे तत्काल फ्रीज करा दिया गया है। संबंधित थाने की मदद से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
शादी की तैयारी के बीच महराजगंज का युवक गायब, गोरखपुर से आगे टूटा संपर्क, नेपाल में ऐसा क्या हुआ?
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी परिचित के नाम से रुपये मांगने पर पहले फोन कर पुष्टि अवश्य करें। बिना जांच-पड़ताल किसी भी खाते में पैसा ट्रांसफर न करें, अन्यथा साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं।
Location : Maharajganj
Published : 14 May 2026, 2:49 PM IST