
कौशांबी में पुरानी रंजिश का खूनी खेल
Kaushambi: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में शनिवार को पुरानी रंजिश को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है। करारी थाना क्षेत्र के पिंडरा सहाबनपुर गांव में दबंगों ने पहले रास्ते में घेरकर पंकज मौर्य की पिटाई की। इसकी शिकायत करने से नाराज आरोपियों ने शाम को उसके घर पर चढ़कर दोबारा हमला कर दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे पंकज के पिता फूलचंद्र को भी हमलावरों ने पीटकर घायल कर दिया। घटना में पिता-पुत्र दोनों घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, पिंडरा सहाबनपुर गांव निवासी पंकज मौर्य को आरोपियों ने पहले मोअज्जमपुर गेट के पास रास्ते में घेर लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इस घटना की शिकायत करने से हमलावर नाराज हो गए और उन्होंने शाम को पंकज के घर पहुंचकर दोबारा हमला कर दिया।
घर पर हुए हमले के दौरान पंकज के पिता फूलचंद्र बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया। मारपीट की घटना में पिता-पुत्र दोनों को चोटें आईं। घटना के बाद इलाके में मामला चर्चा का विषय बन गया।
मामले की जानकारी देते पुलिस अफसर
मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सर्किल अफसर मंझनपुर सौरभ संबत ने बताया कि मारपीट की वजह पुरानी रंजिश बताई जा रही है। दोनों पक्षों से कुल पांच लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है और कानूनी कार्रवाई कराई जा रही है। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम करा दी गई है।
Location : Kaushambi
Published : 14 November 2026, 11:31 PM IST