हिंदी
वाराणसी के श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर (Img: Pinterest)
Varanasi: वाराणसी के श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में एक ऐसी घटना सामने आई जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। तमिलनाडु की 80 वर्षीय महिला श्रद्धालु ने अपने दिवंगत पति और दोनों बेटों की स्मृति में मंदिर को तीन करोड़ रुपये का दान देकर श्रद्धा और त्याग की अनोखी मिसाल पेश की। महिला ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाथ जोड़कर पूजा-अर्चना की और अपने परिवार की आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना भी की।
मंडलायुक्त एस. राजलिंगम के अनुसार, महिला ने पहले ईमेल के जरिए मिलने की इच्छा जताई थी। 12 जुलाई को वह अपने मैनेजर के साथ पहुंचीं और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर को तीन करोड़ रुपये के चेक सौंपे। इनमें दो करोड़ रुपये अपने दोनों दिवंगत बेटों के नाम पर और एक करोड़ रुपये मंदिर के अन्नक्षेत्र के लिए दिए गए। इसके अलावा उन्होंने 25-25 हजार रुपये के पांच अलग-अलग चेक भी दिए, जिनका उपयोग हर वर्ष रुद्राभिषेक कराने के लिए किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, महिला के दोनों बेटों का निधन 31 और 28 वर्ष की उम्र में हो गया था। इससे पहले उनके पति का भी देहांत हो चुका था। अपनों को खोने के बाद उन्होंने उनकी स्मृति को अमर बनाने और आत्मा की शांति के लिए बाबा विश्वनाथ के चरणों में यह महादान समर्पित किया। दान देने के बाद उन्होंने मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन भी किया।
इससे पहले जून में उद्योगपति अनंत अंबानी ने श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर को एक करोड़ रुपये का दान दिया था। लेकिन इस बार तमिलनाडु की महिला श्रद्धालु ने तीन करोड़ रुपये दान देकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। मंदिर प्रशासन ने बताया कि इस राशि का उपयोग धार्मिक और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में नियमानुसार किया जाएगा।
काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर बनने के बाद मंदिर में मिलने वाले दान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पहले जहां सालाना दान करीब 20 करोड़ रुपये था, वहीं अब यह बढ़कर 84 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु ऑनलाइन, यूपीआई और चेक के माध्यम से भी मंदिर को दान दे रहे हैं।
Location : Varanasi
Published : 16 July 2026, 3:03 PM IST
Topics : Kashi Vishwanath Temple Donation Varanasi