दो दिन पहले दिल्ली से लौटा था मोहित, सड़क हादसे में मौत; शादी की खुशियां मातम में बदली

कासगंज के पटियाली थाना क्षेत्र में बिजली के खंभे से बाइक टकराने के कारण 23 वर्षीय मोहित ठाकुर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी किशन गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों बाइक से बहन के घर जा रहे थे। मोहित की करीब दो साल पहले शादी हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 November 2026, 5:29 PM IST

Kasganj: रिश्तेदारी में शादी की खुशियों में शामिल होने के लिए दो दिन पहले दिल्ली से घर लौटा युवक अब कभी वापस नहीं आएगा। बहन के घर जाते समय उसकी बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दर्दनाक हादसा कासगंज जिले के पटियाली थाना क्षेत्र में बुधवार को हुआ। मृतक की करीब दो साल पहले ही शादी हुई थी और उसका एक बेटा भी है। युवक की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

बहन के घर जाते समय हुआ दर्दनाक हादसा

जानकारी के मुताबिक, ग्राम जासमई निवासी भूपेंद्र का 23 वर्षीय बेटा मोहित ठाकुर बुधवार को अपने गांव के ही विपिन के 18 वर्षीय बेटे किशन के साथ बाइक से ग्राम डिलोरी स्थित अपनी बहन के घर जा रहा था।

इसी दौरान डिलोरी और बादाम नगला के बीच एक मोड़ पर अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।

हादसे के बाद घर में छाया मातम (IMG: Dynamite News)

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मोहित को मृत घोषित किया

हादसे में गंभीर रूप से घायल मोहित को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल किशन को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिढ़पुरा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद मोहित के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे में घायल किशन का उपचार कराया जा रहा है।

दो साल पहले हुई थी शादी, परिवार में पसरा मातम

मोहित के पिता भूपेंद्र ने बताया कि उनका बेटा दिल्ली की एक फैक्ट्री में सिलाई का काम करता था। रिश्तेदारी में आयोजित वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह दो दिन पहले ही गांव आया था।

परिजनों के मुताबिक, करीब दो साल पहले मोहित की शादी हुई थी और उसका एक बेटा भी है। पति की अचानक मौत से पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं मासूम बेटे के सिर से पिता का साया उठ गया है। परिवार में जहां वैवाहिक कार्यक्रम को लेकर खुशियों का माहौल था, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है।

Location :  Kasganj

Published :  25 November 2026, 5:29 PM IST