Kanpur: संभव की मौत के केस में नया मोड़, दोस्त के सौतेले पिता ने पत्नी और साले पर लगाए गंभीर आरोप

कानपुर में संभव खंडेलवाल की मौत का मामला अब एक नए विवाद से जुड़ गया है। मृतक की दोस्त के सौतेले पिता ने परिवार के कुछ सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए हैं और पुलिस से सुरक्षा मांगी है। आखिर उन्होंने किससे खतरा बताया और संभव की मौत को लेकर क्या कहा? जानिए इस मामले में नया मोड़।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 20 November 2026, 11:50 PM IST

Kanpur: कानपुर में कागज कारोबारी के बेटे संभव खंडेलवाल की मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। संभव जिस युवती से मिलने बिठूर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट गए थे, उसके सौतेले पिता विशाल भमवानी ने अपनी पत्नी और साले पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मध्य प्रदेश के सतना जिले से कानपुर पहुंचे विशाल ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर अपनी सुरक्षा की मांग की है। उनका आरोप है कि कानपुर में अपने बेटे से मिलने आने पर साला प्रवीन उडानी उन्हें जान से मारने की धमकी देता है। विशाल ने यह भी कहा कि उन्होंने पहले शिकायत की थी, लेकिन उस पर कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस कमिश्नर से मिले विशाल भमवानी

विशाल भमवानी रुद्रा ग्रीन्स में रहने वाली युवती की मां मनीषा के पति बताए जा रहे हैं। वह उनसे अलग रहते हैं और मध्य प्रदेश के सतना जिले में रहते हैं। शुक्रवार को वह कानपुर पहुंचे और पुलिस कमिश्नर से मुलाकात की। विशाल ने मीडिया को बताया कि वह हर सप्ताह अपने बेटे से मिलने कानपुर आते हैं। इस दौरान उनका आरोप है कि पत्नी के भाई प्रवीन उडानी उन्हें मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी देता है।

विशाल के मुताबिक, इस संबंध में उन्होंने 10 अक्टूबर को आईजीआरएस के माध्यम से बिठूर थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि उस समय शिकायत पर सही तरीके से कार्रवाई हो जाती तो शायद यह घटना नहीं होती। उन्होंने पत्नी और साले पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग साजिश के तहत काम करते हैं और वह खुद भी इससे जूझ रहे हैं।

Deoria Crime: चेकिंग करने पहुंची मंडी टीम पर लाठी-डंडों से हमला, सुरक्षा गार्ड की हालत नाजुक

मुकदमे खारिज होने और साजिश को लेकर भी कही बात

विशाल ने बताया कि उन्होंने अपनी बात अदालत में भी रखी थी, लेकिन उनके मुताबिक सभी मुकदमे खारिज हो गए। उन्होंने कहा कि संभव खंडेलवाल के बेटे की मौत की खबर उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से मिली थी। इसके बाद वह पुलिस कार्यालय पहुंचे और पुलिस कमिश्नर से अपनी सुरक्षा की मांग की।

विशाल ने बताया कि पुलिस कमिश्नर ने उनकी बात सुनी है और जांच किए जाने की बात कही है। उन्हें अगले दिन फिर बुलाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें अपने बेटे से मिलने के लिए कानपुर आना पड़ता है, इसलिए वह अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। विशाल ने मृतक संभव के परिवार से मिलने की इच्छा भी जताई।

संभव की मौत के मामले में प्रवीन उडानी की ओर से कथित धमकी को लेकर सवाल पूछे जाने पर विशाल ने कहा कि यह जांच का एक हिस्सा है। उन्होंने मीडिया में आई उस जानकारी का भी जिक्र किया, जिसमें कहा गया था कि कुछ दिन पहले प्रवीन ने संभव को भी जान से मारने की धमकी दी थी। विशाल ने आशंका जताई कि अगला कदम ऐसा भी हो सकता था, लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि यह जांच का विषय है।

बदायूं में गन्ने से भरे ट्रैक्टर ने पिकअप को मारी टक्कर, पलटकर सड़क किनारे जा भिड़ी गाड़ी; चालक बेहोश

14 नवंबर को बालकनी से गिरने से हुई थी संभव की मौत

गौरतलब है कि 14 नवंबर को दोपहर करीब दो से ढाई बजे संभव खंडेलवाल घर में दोस्तों से मिलने की बात कहकर बिठूर स्थित रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट पहुंचे थे। वहां उनकी फ्रेंड रहती है। शाम करीब चार बजे संभव के ही फोन से परिजनों को कॉल आया कि हादसा हो गया है और उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है।

परिजनों के अस्पताल पहुंचने तक संभव को मृत घोषित कर दिया गया था। वहां मौजूद लोगों ने परिजनों को बताया था कि संभव बच्चे के साथ बालकनी में खेल रहे थे। इसी दौरान बालकनी में रखे दिए में तेल की वजह से उनका पैर फिसल गया और वह नीचे गिर पड़े।

हालांकि, परिजनों ने संभव के साथ कुछ गलत होने की आशंका जताई थी। इसके बाद घटना के चार दिन बाद उन्होंने एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अब विशाल भमवानी की ओर से लगाए गए आरोप और उनकी सुरक्षा की मांग भी इस मामले में सामने आई है। हालांकि, संभव की मौत के पीछे की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Location :  Kanpur

Published :  20 November 2026, 11:50 PM IST