
रेलवे स्टेशन पर दर्दनाक हादसा (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Kanpur Dehat: कानपुर देहात के झींझक रेलवे स्टेशन के पश्चिमी छोर पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। दिल्ली-हावड़ा रेलमार्ग पर ट्रेन की चपेट में आने से करीब 65 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह हादसा डीएफसीसी अप रेलवे ट्रैक पर खंभा संख्या 552 और 553 के बीच अक्षयवट के पास हुआ। घटना की जानकारी रेलवे द्वारा देर रात पुलिस को दी गई। झींझक पुलिस चौकी से उपनिरीक्षक उजागिर लाल और हेड कांस्टेबल सुरजेश कुमार मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक का शव कब्जे में लिया। आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास शुरू किया गया। रातभर किसी की पहचान न हो पाने के कारण पुलिस ने सोशल मीडिया पर फोटो साझा कर मदद मांगी।
रविवार सुबह इस मामले में एक महत्वपूर्ण मोड़ आया जब झींझक चौकी पहुंचे रोहित पुत्र छुन्ना निवासी उसरी रसूलाबाद ने शव की पहचान अपने नाना हरिराम (65) पुत्र बांकेलाल के रूप में की। उन्होंने बताया कि उनके नाना को बीती रात से तलाशा जा रहा था और सोशल मीडिया पर वायरल हुई फोटो से उन्हें इस हादसे की जानकारी मिली।
शव की पहचान होते ही परिजन मोर्चरी के लिए रवाना हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई दुर्घटना प्रतीत हो रहा है। झींझक पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक उजागिर लाल ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण की पुष्टि संभव होगी। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि अगर सुरक्षा के उचित उपाय किए जाएं तो भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है।
Location : Kanpur Dehat
Published : 29 March 2026, 4:26 PM IST