
पुलिस मामले की जांच में जुटी (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Kanpur: कानपुर के कर्नलगंज थाना क्षेत्र स्थित एक निजी नर्सिंग होम में गुरुवार देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब आंत के ऑपरेशन के लिए भर्ती किए गए मरीज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, कानपुर देहात के थाना रूरा क्षेत्र के ग्राम बनीपारा निवासी विनीत कुमार (40) को आंत की गंभीर समस्या होने पर कर्नलगंज स्थित चांदनी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया था कि विनीत की आंत का बड़ा ऑपरेशन करना पड़ेगा। इसके लिए गुरुवार रात करीब 11 बजे ऑपरेशन का समय तय किया गया था।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन से पहले अस्पताल प्रशासन ने उनसे इलाज और सर्जरी के नाम पर पूरी रकम जमा कराई। परिजनों ने डॉक्टरों के कहने पर देर शाम अस्पताल के काउंटर पर रुपये जमा करा दिए। आरोप है कि पैसे जमा होने के कुछ ही देर बाद डॉक्टर बाहर आए और बताया कि विनीत की मौत हो चुकी है।
अचानक मौत की सूचना मिलते ही परिजनों के होश उड़ गए। परिवार के लोगों ने अस्पताल प्रशासन से सवाल पूछने शुरू कर दिए और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों का कहना है कि ऑपरेशन शुरू होने से पहले ही मरीज की मौत होना कई सवाल खड़े करता है। उनका आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने मरीज की स्थिति की सही जानकारी नहीं दी और इलाज में गंभीर लापरवाही बरती गई। घटना के बाद नर्सिंग होम परिसर में काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
Kanpur Dehat: प्रेमी ने पहले काटा प्रेमिका का गला फिर कर लिया सुसाइड, जानें मामले में क्या है अपडेट
हंगामे की सूचना मिलते ही कर्नलगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को शांत कराया और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों और अस्पताल प्रशासन के पक्ष को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Kanpur
Published : 22 May 2026, 2:58 PM IST
Topics : Hospital Negligence Kanpur Hospital Case Kanpur News Operation Death Case Police Investigation