Kanpur News: वेतन वृद्धि की मांग को लेकर पेंट फैक्ट्री श्रमिकों का हंगामा, चौबेपुर-बिठूर मार्ग किया जाम

चौबेपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह पेंट फैक्ट्री के श्रमिकों ने वेतन वृद्धि और साप्ताहिक अवकाश की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज श्रमिकों ने चौबेपुर-बिठूर मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 21 May 2026, 2:34 PM IST

Kanpur: कानपुर के चौबेपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह पेंट फैक्ट्री के श्रमिकों ने वेतन वृद्धि और साप्ताहिक अवकाश की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। नाराज श्रमिकों ने चौबेपुर-बिठूर मार्ग पर जाम लगाकर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।

114 श्रमिकों ने बंद किया काम

जानकारी के मुताबिक चौबेपुर स्थित पीआर कोटिंग पेंट फैक्ट्री में एक बड़ी पेंट कंपनी का जॉब वर्क होता है। गुरुवार सुबह फैक्ट्री में कार्यरत 114 महिला और पुरुष श्रमिकों ने अचानक काम बंद कर दिया। श्रमिकों का आरोप था कि लंबे समय से वेतन वृद्धि नहीं की गई और उन्हें साप्ताहिक अवकाश जैसी मूल सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं।

सड़क पर बैठकर की नारेबाजी

गुस्साए श्रमिक फैक्ट्री से निकलकर बिठूर मार्ग पर पहुंच गए और सड़क पर बैठकर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। हंगामे और संभावित तोड़फोड़ की आशंका को देखते हुए चौबेपुर और शिवराजपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने समझाकर खुलवाया जाम

मौके पर पहुंची पुलिस ने श्रमिकों को शांत कराया और प्रबंधन से वार्ता कराने का आश्वासन दिया। काफी समझाने-बुझाने के बाद श्रमिक सड़क से हटे, जिसके बाद यातायात दोबारा सामान्य हो सका। पुलिस अधिकारियों ने श्रमिकों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच बातचीत कर समाधान निकालने की बात कही है।

वेतन और सुविधाओं को लेकर बढ़ रहा असंतोष

श्रमिकों का कहना है कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। साथ ही उन्हें नियमित साप्ताहिक अवकाश भी नहीं मिल रहा, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Location :  Kanpur

Published :  21 May 2026, 2:34 PM IST