Kanpur: मेले में दुकानदार से भिड़े दबंग, तमंचा निकालकर की फायरिंग, महिला घायल, दो गिरफ्तार

मेले में दुकान पर विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला फायरिंग के आरोप तक पहुंच गया। कानपुर के महाराजपुर क्षेत्र में सोमवार शाम हुई घटना से मेले में अफरातफरी मच गई। आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने तमंचे से फायरिंग की और दुकानदार की पत्नी घायल हो गई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 10 November 2026, 1:34 AM IST

Kanpur:: उत्तर प्रदेश के कानपुर में मेले के दौरान विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। महाराजपुर थाना क्षेत्र के तिलसहरी गांव में सोमवार शाम दुकानदार और कुछ युवकों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग के आरोप से अफरातफरी मच गई।

आरोप है कि युवकों ने तमंचे से गोली चलाई, जिससे दुकानदार की पत्नी शिवकांति घायल हो गईं। वहीं, दुकानदार साजन के सिर पर भी चोट आई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, डॉक्टर ने महिला को गोली लगने की पुष्टि नहीं की है।

ये है मामला

जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम तिलसहरी गांव में मेला लगा हुआ था। गांव निवासी साजन की वहां परचून की दुकान है। आरोप है कि दुकान पर कुछ युवक किसी विवाद को लेकर दुकानदार से भिड़ गए। साजन ने युवकों को वहां अभद्रता करने से मना किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

आरोप है कि युवकों ने उग्र होकर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही मेले में मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। इस दौरान दुकान पर खड़ी साजन की पत्नी शिवकांति घायल हो गईं। आरोप है कि उनके कंधे पर गोली लगी। वहीं, साजन ने आरोपियों को हटाने का प्रयास किया तो उन पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया, जिससे उनके सिर में चोट आई।

दो आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। मामले में नितिन और सचिन नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया।

कानपुर में दिवाली पर बड़ा हादसा, मकान की छत गिरने से सास-बहू और 20 दिन के मासूम की मौत

पुलिस का बयान 

एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पैसों के लेनदेन और यूपीआई भुगतान को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई है। परिजनों ने फायरिंग और तमंचे की बट से हमला करने का आरोप लगाया है।

एसीपी ने बताया कि डॉक्टर के अनुसार महिला को गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। चोट हार्ड एवं ब्लंट ऑब्जेक्ट से होना बताया गया है। घायल महिला की स्थिति सामान्य है और एक्स-रे कराया जा रहा है।

कानपुर में दिवाली की रात खेली गई खूनी होली, पटाखों की आवाज के बीच छोटे भाई ने कर डाली बड़े भाई की हत्या

पुलिस का बयान 

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित पक्ष एक तमंचा और कारतूस पुलिस को सौंप रहा है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी आए दिन दबंगई दिखाकर लोगों पर रौब झाड़ते थे।

Location :  Kanpur

Published :  10 November 2026, 1:29 AM IST