
भूमि पूजन करते नगर पालिका अध्यक्ष अमित तिवारी
Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात की झींझक नगर पालिका क्षेत्र के आदर्श नगर, पटेल नगर, द्वारिकागंज और लोहिया नगर में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में रविवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। नगर पालिका परिषद झींझक के अध्यक्ष अमित तिवारी ने रविवार शाम करीब छह बजे द्वारिकागंज में पेयजल पाइपलाइन विस्तारीकरण कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर परियोजना का शुभारंभ किया।
भूमि पूजन कार्यक्रम में पंडित विपिन मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष अमित तिवारी ने स्वयं फावड़ा चलाकर कार्य का शुभारंभ किया और परियोजना को हरी झंडी दिखाई।
कानपुर देहात में सनसनी: सड़क किनारे खेत में मिला युवक का शव, ग्रामीणों का शक…
अध्यक्ष अमित तिवारी ने बताया कि नगर के विभिन्न मोहल्लों में बढ़ती आबादी और पेयजल की समस्या को ध्यान में रखते हुए पेयजल योजना के अंतर्गत डी.आई.के.-7 लोहे की पाइपलाइन के विस्तारीकरण का कार्य कराया जा रहा है। यह पाइपलाइन उत्तरी नगर सीमा से नहर पुल के समीप भारत शर्मा के आवास तक बिछाई जाएगी। परियोजना के पूर्ण होने के बाद लगभग तीन हजार घरों को नियमित और सुचारु पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि इस कार्य को तीन माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पाइपलाइन विस्तारीकरण के बाद क्षेत्रवासियों को पेयजल संकट से काफी हद तक राहत मिलेगी और गर्मी के मौसम में होने वाली पानी की परेशानी भी समाप्त होगी।
कार्यक्रम में वरिष्ठ लिपिक बृजेश राजपूत, हरिशंकर तिवारी, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अनमोल गुप्ता, आशीष दीक्षित, प्रदीप शर्मा, रोहित गुप्ता, यशोवर्धन तिवारी (लल्ला), जितेंद्र चक्रवर्ती, अजय यादव, अजय कुमार, मोहम्मद सहवाल प्रतिनिधि, सुशील कुमार, संतोष दिवाकर सहित कई सभासद और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए नगर पालिका का आभार व्यक्त किया।
Location : Kanpur Dehat
Published : 31 May 2026, 9:17 PM IST