
सीता स्वयंवर और रामलीला मंचन ने जीता दिल
Kanpur Dehat: जनपद कानपुर देहात की नगर पालिका झींझक में रामलीला मैदान में आयोजित शनिवार और रविवार की रात्रि विशाल धनुष यज्ञ महोत्सव, सीता स्वयंवर तथा लक्ष्मण-परशुराम संवाद लीला का मंचन किया गया।
भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह प्रसंग को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलीला मैदान पहुंचे। देर रात तक पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंजता रहा।
मुख्य अतिथि लता तिवारी ने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम लक्ष्मण की आरती उतार कर लीला का किया शुभारंभ
रामलीला मंचन से पहले मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं समाजसेविका लता तिवारी ने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूप की आरती उतारकर लीला का शुभारंभ किया। इसके बाद कलाकारों ने आकर्षक मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को जीवंत कर दिया।
लीला में राजा जनक के दरबार में आयोजित सीता स्वयंवर का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। स्वयंवर में पहुंचे विभिन्न राजाओं द्वारा भगवान शिव के विशाल धनुष को उठाने और प्रत्यंचा चढ़ाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई भी राजा धनुष को हिला तक नहीं सका।
इसके बाद भगवान श्रीराम ने गुरु की आज्ञा पाकर धनुष उठाया और प्रत्यंचा चढ़ाते ही धनुष टूट गया। धनुष टूटते ही पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
इसके बाद लक्ष्मण और भगवान परशुराम के बीच हुए संवाद का भी शानदार मंचन किया गया। दोनों पात्रों के बीच हुए तीखे संवाद और कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया। श्रद्धालुओं ने पूरे मंचन के दौरान उत्साह के साथ लीला का आनंद लिया।
रामलीला आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस दौरान हरिशंकर तिवारी, रामू शुक्ला, यशोवर्धन तिवारी (लल्ला), आशीष त्रिपाठी, ब्रजेश राजपूत, छोटे पोरवाल, विमल शुक्ला, गुड्डू यादव, रामपाल पाल, रंजन कुशवाहा, श्यामबाबू कैप्टन, अखिल तिवारी समेत कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं भी की गईं।
Location : Kanpur Dehat
Published : 11 October 2026, 5:36 AM IST