
झींझक सीएचसी की नई पहल (Img: Dynmaite News)
Kanpur Dehat : केंद्र एवं प्रदेश सरकार की डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की पहल के तहत अब सरकारी अस्पतालों में मरीजों का पंजीकरण ऑनलाइन किया जा रहा है। इसी क्रम में कानपुर देहात के झींझक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भी मरीजों के ऑनलाइन पर्चे बनने शुरू हो गए हैं। गुरुवार को अस्पताल परिसर में स्वास्थ्यकर्मी कंप्यूटर के माध्यम से मरीजों का ऑनलाइन पंजीकरण करते नजर आए, जबकि मरीज अपनी बारी का इंतजार करते हुए कतार में खड़े दिखाई दिए।
चिकित्साधीक्षक ने दी विस्तृत जानकारी
झींझक सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीयूष त्रिपाठी ने बताया कि अब अस्पताल में डॉक्टर को दिखाने के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज का पर्चा ऑनलाइन बनाया जाएगा। इसके लिए मरीजों को अपना आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। पंजीकरण के दौरान आधार कार्ड नंबर को ऑनलाइन प्रणाली में दर्ज किया जाएगा, जिससे मरीज का स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगा।
Kanpur Dehat: सुबह-सुबह जंगल में दिखा भयावह मंजर, गांव में मच गया सन्नाटा; आखिर ऐसा क्या हुआ?
मरीजों को बार बार नहीं बतानी पड़ेगी समस्या
उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि यदि किसी मरीज को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार से राहत नहीं मिलती है और वह किसी अन्य सरकारी अस्पताल में जाता है, तो आधार नंबर दर्ज करते ही उसका पूर्व चिकित्सा रिकॉर्ड संबंधित चिकित्सक के सामने उपलब्ध हो जाएगा। इससे मरीज को अपनी बीमारी और पूर्व उपचार की जानकारी बार-बार नहीं बतानी पड़ेगी।
सरकारी सिस्टम पर रहेगा मरीजों का रिकॉर्ड
डॉ. पियूष त्रिपाठी ने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड प्रणाली से चिकित्सकों को मरीज की स्वास्थ्य स्थिति को समझने में आसानी होगी और उपचार की प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनेगी। साथ ही विभागीय कर्मचारियों का कार्य भी सरल होगा। सरकार की इस नई व्यवस्था से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ेगी।
Location : Kanpur Dehat
Published : 11 June 2026, 2:19 PM IST