कन्नौज के तिर्वा में शराब के नशे में सीढ़ियों से गिरकर 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घायल युवक को अस्पताल से घर भेजा गया था, लेकिन बाद में खून की उल्टी के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। पुलिस जांच में जुटी है।

घटना के बाद जुटे परिजन (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Kannauj: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां शराब के नशे में सीढ़ियों से गिरकर 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मृतक की पहचान अनुज पुत्र भजन लाल, निवासी जय सिंह पूर्वा गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को वह किसी काम से तिर्वा आया था और अन्नपूर्णा मंदिर के पास एक मकान की छत पर अपने दोस्तों के साथ शराब पी रहा था।
शराब पीने के बाद जब वह नीचे उतर रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीढ़ियों से नीचे गिर पड़ा। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी और उसे मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया।
डॉक्टरों ने अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार देखते हुए उसे घर भेज दिया। लेकिन घर पहुंचने के कुछ समय बाद उसकी हालत अचानक बिगड़ने लगी।
कन्नौज में दरिंदगी की हद पार: खेल-खेल में खत्म कर दी जिंदगी, दो किलोमीटर दूर मौत थी इंतजार में…
घर पर अनुज को अचानक खून की उल्टी होने लगी, जिससे परिजन घबरा गए। आनन-फानन में उसे दोबारा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन इस बार डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना पर तिर्वा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी संजय शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर हादसे को सीढ़ियों से गिरने से हुई गंभीर चोटों से जोड़ा जा रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
कन्नौज पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव, भाजपा पर किया तीखा हमला; दिया ये बड़ा बयान
युवक की मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।