
कन्नौज में पुलिस मुठभेड़, आरोपी घायल (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Kannauj: जिले में अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। छिबरामऊ थाना क्षेत्र में एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की जा रही चेकिंग के दौरान 2022 के चर्चित अपहरण और हत्या कांड में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे काबू में ले लिया गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम फर्रुखाबाद रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध ने रुकने के बजाय अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और हुई मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया।
इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल अवस्था में आरोपी को तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
Kannauj News: प्यार में पागलपन की हद पार, कन्नौज में युवक की हरकत से मचा हड़कंप
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सागर उर्फ धर्मवीर उर्फ धर्मा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी 2022 के अपहरण और हत्या के गंभीर मामले में वांछित चल रहा था। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि बरामद सामान की जांच की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ था या नहीं।
Kannauj Crime: नाबालिग किशोरी के लापता होने से हड़कंप, जबरन धर्म परिवर्तन का आरोप
इस पूरे मामले पर एसपी विनोद कुमार ने बताया कि 2022 के अपहरण और हत्या मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त सागर उर्फ धर्मवीर को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी ने आगे कहा कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस की टीम अन्य पहलुओं पर भी गहनता से पड़ताल कर रही है।
Location : Kannauj
Published : 12 May 2026, 10:59 AM IST
Topics : Kannauj encounter kidnapping murder case SOJ team operation UP Police Action Wanted Criminal Arrested